ठीकरियाकला में एसडीएम ने की जनसुनवाई
तालेड़ा. बडूंदा पंचायत के ठीकरियाकला गांव में शुक्रवार को जनसुनवाई कर एसडीएम मोहम्मद ताहिर ने ग्राम विकास अधिकारी को आबादी भूमि के प्रस्ताव बनाकर भिजवाने के निर्देश दिए। एसडीएम ने किसानों व मजदूरों की पीड़ा सुनते हुए आबादी के पट्टे दिलवाने की बात कही। स्कूल के खेल मैदान का प्रस्ताव भिजवाने को कहा। पेंशन व पालनहार की शिकायतों की सुनवाई कर मौके पर दिशा निर्देश दिए। एसडीएम ने सरकारी योजनाओं के बारे में समझाते हुए किसानों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने को कहा। एसडीएम के अनुसार ई-मित्र से सभी जानकारियां जुटाई जा सकती है। राशन वितरण प्रणाली में सुधार होने के बाद शिकायतें कम हुई है। एसडीएम ने बिजली, पानी व स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं की समीक्षा की। साथ ही पंचायत स्तर के कर्मचारियों व अधिकारियों को सरकारी योजनाओं के समय पर क्रियान्वयन के निर्देश दिए।