- Hindi News
- National
- Bundi News Rajasthan News This Time Bumper Yield Of Wheat Fci Will Buy At 16 Centers From March 15 At Support Price
इस बार गेहूं की बंपर पैदावार, एफसीआई 16 केंद्रों पर 15 मार्च से समर्थन मूल्य पर खरीदेगी
{चना, सरसों व गेहूं बेचने के लिए किसान पंजीकरण करवाएं
समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद रविवार 15 मार्च से शुरू होगी। इसके लिए 16 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 15 केंद्र एफसीआई व एक केंद्र तिलम संघ का रहेगा। इस बार गेहूं का रकबा पिछले साल की तुलना ज्यादा है। इस तरह क्रय-विक्रय सहकारी समितियों के माध्यम से राजफैड चना व सरसों की खरीद करेगा। लिखित में नहीं आने से तारीख तय नहीं है। हालांकि चना-सरसों की खरीद भी 15 व 16 मार्च से शुरू होने की उम्मीद जताई गई है।
जिलास्तर पर खरीद से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण अाैर व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए जिला रसद कार्यालय में नियंत्रण कक्ष बनाया जाएगा। किसानों को पटवारियों के माध्यम से गिरदावरी प्रमाण पत्र दिलवाए जाएंगे, ताकि किसान टोकन ले सकें। इसके लिए हल्का पटवारियों को नियमानुसार गिरदावरी प्रमाण पत्र जारी करने के आदेश दिए। जिले में गेहूं की बंपर पैदावार को देखते हुए गुढ़ानाथावतान, झालीजी का बराना, भीया, करवर व दबलाना नए खरीद केंद्र बनाए गए हैं। इन्हें शुरू करने की जिम्मेदारी एफसीआई के प्रतिनिधि की है। डीएसओ को इन 5 केंद्रों को चलाने एवं इनकी खरीद क्षमता बढ़ाने के लिए एफसीआई के मंडल प्रबंधक कोटा के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई करने के प्रशासनिक निर्देश दिए।
सरसों की चल रही कटाई, चना-गेहूं खड़े
गेहूं का रकबा 1 लाख 75 हजार 695 हैक्टेयर है। चना का 29 हजार 573 हैक्टेयर, सरसों का रकबा 25 हजार 912 हैक्टेयर है। गेहूं का रकबा पिछले साल की तुलना ज्यादा है। गेहूं की कटाई मार्च लास्ट व अप्रैल के फर्स्ट वीक में होगी। चना की कुछ जगह कटाई चल रही है। इसी तरह सरसों की कटाई का काम चल रहा है।
खरीद की तैयारी पर प्रशासनिक बैठक
समर्थन मूल्य पर जिंसों की खरीद की तैयारी पर गुरुवार को कार्यवाहक कलेक्टर मुरलीधर प्रतिहार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक हुई, जिसमें कहा गया कि समर्थन मूल्य पर चना, सरसों व गेहूं बेचने के लिए किसान पंजीकरण करवाएं। खरीद केंद्रों पर अपने माल को लेकर आने वाले किसानों के लिए छाया, पानी, सफाई की व्यवस्था की जाएगी। सभी एसडीएम खरीद केंद्रों का जायजा लेकर व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। इस बात का भी ध्यान रखा जाएगा कि वहां कोई अतिक्रमण नहीं होना चाहिए। भंडारण की व्यवस्था देखी जाएगी।
इन केंद्रों पर होगी गेहूं की खरीद
समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद के लिए 16 क्रय केंद्र स्वीकृत किए गए हैं। एफसीआई के बूंदी, गुढ़ानाथावतान, केशवरायपाटन, मायजा, देईखेड़ा, झालीजी का बराना, भीया, कापरेन, सुमेरगंजमंडी, सुंवासा, सीतापुरा, करवर, देई, दबलाना, बड़ानयागांव अाैर हिंडौली में तिलम संघ का खरीद केंद्र स्वीकृत किया गया है।
चना-सरसों की खरीद के लिए 5 केंद्र
चना व सरसों की खरीद के लिए 5 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें बूंदी, कापरेन, देई, नैनवां व हिंडौली में क्रय-विक्रय सहकारी समितियों के माध्यम से राजफैड चना व सरसों की खरीद करेंगी। बूंदी में क्रय-विक्रय सहकारी समिति, कापरेन में केशव क्रय-विक्रय सहकारी समिति केशवरायपाटन, देई व नैनवां में नैनवां क्रय-विक्रय सहकारी समिति देई, हिंडौली में हिंडौली क्रय-विक्रय सहकारी समिति खरीद करेंगी।
समर्थन मूल्य पर खरीद शुरू करने को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने बैठक कर व्यवस्थागत निर्देश दिए।