- Hindi News
- National
- Chittorgarh News Rajasthan News During The Examination After Paying The Fee The Purse Was Deposited If It Was Withdrawn The Mobile Disappeared From It
परीक्षा के दौरान शुल्क देकर पर्स जमा कराया, वापस उठाया तो उसमें से मोबाइल गायब
चित्तौड़गढ़ | शहर के महाराणा प्रताप पीजी कॉलेज में शुक्रवार को परीक्षा देने आई एक छात्रा के पर्स में रखा मोबाइल चोरी हो गया। जबकि उसने यह पर्स बाकायदा शुल्क जमा करवा वहां तैनात एक व्यक्ति के पास जमा करवाया था। भादसोड़ा निवासी बीए सैकंड ईयर की स्वयंपाठी छात्रा विनिता पुत्री सोहनलाल प्रजापत ने बताया कि शुक्रवार दोपहर तीन बजे वह पीजी कॉलेज में राजनीति शास्त्र का पेपर देने आई थी। मुख्य पोर्च में चैनल गेट पर ही एक व्यक्ति टेबल लगाकर बैठा था। जो वहां मोबाइल या बैग जमा करवाने वाले प्रत्येक परीक्षार्थी से 20 रुपए शुल्क ले रहा था। उसने भी अपना पर्स यह शुल्क देकर उसके पास जमा करा दिया। शाम छह बजे परीक्षा होने के बाद उसने अपना पर्स उठाया तो उसमें रखा मोबाइल नहीं था।विनिता ने वहां मौजूद व्यक्ति से इस बारे में पूछा तो उसने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि उसके सामने मोबाइल बैग में नहीं रखा गया। उसकी कोई जिम्मेदारी नहीं है।विनिता की रिपोर्ट पर सदर थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
विनिता ने बताया कि कॉलेज के अंदर बैठकर पर्स या बैग की सुरक्षा करने के नाम पर की गई इस व्यवस्था की भी जांच होनी चाहिए। जब उसने वहां पूछताछ की तो किसी ने यह भी बताया कि सामान सुरक्षा के लिए लगा व्यक्ति प्राइवेट आदमी है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या उसे कालेज ने अधिकृत कर रखा है या अनाधिकृत व्यवस्था है। जब शुल्क ले रहे तो सामान की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी बनती है।