- Hindi News
- National
- Chittorgarh News Rajasthan News Latte Sanwaria Hanuman39s 28 Feet Tall Statue Installed
लेटे सांवरिया हनुमान की 28 फीट लंबी प्रतिमा स्थापित
दक्षिणमुखी हनुमान सांवरिया सेठ मंदिर की तरफ देख रहे
राजस्थान की पहली व देश की दूसरी सबसे बड़ी एक ही पत्थर पर तराशी गई 28 फीट ऊंची, 12 फीट चौड़ी और 64 टन वजनी लेटे सांवरिया हनुमान की प्रतिमा बुधवार सुबह 11:15 बजे स्थापित की गई। डांग का हनुमान मंदिर घोड़ास व चारभुजा चंपाबाग करेड़ा के महंत सरजूदास महाराज के नेतृत्व और संकट मोचन हनुमान मंदिर भीलवाड़ा के महंत बाबूगिरी महाराज के सानिध्य में प्राण प्रतिष्ठा की। कारोई में हनुमान पहाड़ी की तलहटी में बुधवार सुबह लेटे सांवलिया हनुमान की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की गई। सुबह 10 बजे 251 कलशों की शाेभायात्रा निकाली गई। दो ड्रोन से 2 क्विंटल पुष्पवर्षा की। पंडित देवेंद्र कुमार व कारोई के पंडित वासुदेव शर्मा सहित 21 पंडितों ने महाअभिषेक व हवन किया। शाही स्नान मंगलवार दोपहर 12 बजे सांवरिया हनुमान की प्रतिमा को ट्रेलर में लिटाए कराया। पंडित देवेंद्र कुमार ने बताया कि 61 लीटर दूध, 35 किलो दही, 5 किलो घी, 5 किलो शहद, 11 किलो शक्कर, 21 लीटर जूस से महाअभिषेक किया। दोपहर 2 बजे हवन किया। जिसमें 11 जोड़ों ने आहुतियां लगाई। शाम 4:15 बजे चार क्रेन से ट्रेलर पर विराजमान प्रतिमा को स्थापना स्थल पर ले गए। प्रतिमा को निद्रासन में रखा गया। पंडित शर्मा ने बताया कि लाल रंग का 15 मीटर चौड़ा व 30 मीटर लंबा वस्त्र का चौला बनाकर सांवरिया हनुमान प्रतिमा को ओढ़ाया गया। दिनभर हनुमान चालीसा व सुंदरकांड पाठ हुए। समाजसेवी नटराज सिंह कारोई ने बताया कि कार्यक्रम में कई लोगों ने व्यवस्थाओं को संभाला।
चार साल पहले बंसी पहाड़पुर के पत्थर से बनी थी हनुमान प्रतिमा
दौसा के सिकंदरा से बंसी पहाड़पुर के लाल पत्थर की एक ही शिला पर तराशी गई प्रतिमा 4 वर्ष पूर्व भीलवाड़ा के पास हाथी भाटा आश्रम लाई गई थी। महंत बाबू गिरी महाराज ने बताया कि इतनी बड़ी विशाल प्रतिमा बनाने में एक वर्ष का समय लगा।राजस्थान में एक वर्ष घूमने के बाद विशाल मूर्ति के ठिकाने का पता चला। सांवरिया हनुमान की प्रतिमा 9 फरवरी को भीलवाड़ा से ट्रेलर में प्रयागराज के लिए रवाना हुई थी। 28 फरवरी को गंगा में शाही स्नान के बाद वापस वाहन रैली के साथ कारोई पहुंची। उपतहसील कार्यालय के पास हनुमान पहाड़ी की तलहटी में प्राण प्रतिष्ठा के लिए 9 मार्च को लाया गया। मंगलवार को महाअभिषेक व हवन के बाद शाम 4 बजे ट्रेलर से प्रतिमा को उतारा गया। बुधवार सुबह 11:15 बजे प्राण प्रतिष्ठा करवाई गई।स्थापना स्थल के 100 फीट दूर मंगलवार को ट्यूबवेल खनन करवाया गया। 80 फीट पर मीठा जल निकला। 200 फीट तक ट्यूबवेल को गहरा किया गया।
महंत बाबू गिरी महाराज ने बताया कि सांवलिया हनुमान प्रतिमा की स्थापना दक्षिण मुखी है। प्रतिमा चित्तौड़गढ़ के मंडफिया स्थित सांवरिया सेठ मंदिर की तरफ देखती हुई है। लेटे सांवरिया हनुमान प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा में 400 संतों का समागम हुआ। भंडारे में 10 हजार भक्तों के लिए महाप्रसाद बनाया गया।