- Hindi News
- National
- Chittorgarh News Rajasthan News Now Fir For Forest Crimes Will Be Registered Online Mobile App Also Ready
अब वन अपराधों की एफआईआर दर्ज होगी ऑनलाइन, मोबाइल एप भी तैयार
पुलिस विभाग के तर्ज पर अब वन-विभाग में भी वन अपराधों के घटित होने पर एफआईआर ऑनलाइन निर्मित होंगे। इसके लिए वन-विभाग ने वेब साफ्टवेयर तथा मोबाइल एप तैयार कर लॉन्च कर दिया है।
शनिवार को प्रताप सर्किल के पास स्थित कार्यालय उप वन संरक्षक के बहुउद्देश्यीय हॉल में ऑनलाइन एफआईआर की समस्त प्रक्रिया के संबंध में उप वन संरक्षक शशि शंकर पाठक ने वन-विभाग के समस्त फील्ड कार्मिकों को इसका प्रशिक्षण दिया। इस साफ्टवेयर की मदद से किसी वन-अपराध के घटित होने पर सुदूर वन-क्षेत्रों से भी एफआइआर मोबाइल के जरिए अपलोड की जाकर मुख्यालय तक शीघ्र ही भेजी जा सकेगी जिससे वन-अपराध पर त्वरित एवं प्रभावी कारवाई सुनिश्चित की जा सकेगी। प्रशिक्षण में वन-विभाग के समस्त नाकेदार, वनपाल एवं क्षेत्रीय वन अधिकारी मौजूद रहे।
ऑनलाइन एफआईआर में फोटो का विकल्प होने से वन-अपराधों का अनुसंधान सरल होगा। लगभग एक पखवाड़े के ट्रायल के पश्चात ऑनलाइन प्रक्रिया को अनिवार्य कर दिया जाएगा। सॉफ्टवेयर में वन-विभाग से संबंधित नागरिक सुविधाओं का प्रावधान होने से अब ऐसी सुविधाएं भी शीघ्र प्रदान की जा सकेंगी। प्रशिक्षण में सैटेलाइट से वनाग्नि की सूचना प्राप्ति के लिए पंजीकरण के प्रावधानों के विषय में भी जानकारी दी गई। इसी अवसर पर बहुउद्देश्यीय भवन में अत्याधुनिक मल्टीस्टेशन जिम का भी शुभारंभ किया गया। इस दौरान क्षेत्रीय वन अधिकारी, रावतभाटा, बोराव, जावदा, बेगूं, कपासन, निम्बाहेड़ा, विजयपुर, चित्तौड़गढ़ एवं विभाग के बडी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
वन विभाग में ऑनलाइन एफआईआर प्रक्रिया के लिए ट्रेनिंग देते हुए डीएफओ।