पंचायत ने कचरा गाडी बंद की , ग्रामीण परेशान
ग्राम पंचायत सरपंच , उपसरपंच व वार्ड पंच आदि के खिलाफ शिकायतों का मुद्दा गरमाता जा रहा है। कलेक्टर को की गई एक शिकायत के बाद पंचायत ने कचरा गाडी ही बंद कर दी। इससे ग्रामीण परेशान है। कई ग्रामीणों ने गुरुवार को सरपंच आदि के नेतृत्व में एसडीएम और डीएसपी को ज्ञापन भी सौंपा। जिसमें कुछ लोगों पर चुनावी हार की रंजिशवश विकास में बाधक बनने का आरोप लगाया गया।
ज्ञापन के अनुसार गत पंचायत चुनाव में पराजित कुछ प्रत्याशियों के साथ कतिपय लोग नित नए दिन शिकायत पत्र विभिन्न विभागों को भेजकर पंचायत के कामकाज व विकास को प्रभावित कर रहे। अब तालाब पर कचरा डालने की शिकायत कर दी गई। इसके बाद पंचायत ने कचरा गाडी बंद कर दी। इससे कई ग्रामीण गंदगी को लेकर परेशान है। ज्ञापन देने वालों मेंं सरपंच व उपसरपंच सहित कई लोग शामिल थे। एसडीएम ने उनसे कहा कि यदि किसी गलत शिकायत या अवरोध के कारण कोई समस्या है तो वे ऐसे लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएं। कचरा गाड़ी चालू कराने का आश्वासन देने के साथ कहा कि मौका मायना करने के लिए वह खुद जल्द बोहेड़ा आएंगे। उल्लेखनीय है कि पंचायत के पिछले कार्यकाल में बड़े घोटाले सहित मौजूदा जनप्रतिनिधियों पर भी कई आरोप लगाते हुए एक संगठन व कुछ ग्रामीणों ने गत दिनों कलेक्टर को परिवाद दिए। जिस पर जांच शुरू हुई। पिछला रिकार्ड भी जब्त किया गया। शिकायतकर्ता द्वारा पंचायत या अन्य जगह आकर वीडियोग्राफी आदि करने और इसे लेकर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को लेकर भी माहौल गरमाया।