- Hindi News
- National
- Chittorgarh News Rajasthan News Purchase Of Mustard And Gram From April 1 Registration Will Be From 18
एक अप्रैल से सरसों व चने की समर्थन मूल्य पर खरीद, पंजीयन 18 से होगा
जिले में सरसो व चने की एक अप्रैल से समर्थन मूल्य पर खरीद होगी। खरीद के लिए 18 मार्च से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू होंगे। रजिस्ट्रेशन के लिए आधार से बायोमेट्रिक सत्यापन जरूरी होगा।
उप रजिस्ट्रार सहकारी समितियां पीआर आमेरिया ने बताया कि जिले में चने व सरसो के लिए क्रय- विक्रय सहकारी समिति लिमिटेड चित्तौड़गढ़, क्रय-विक्रय सहकारी समिति लिमिटेड बेगूं, क्रय-विक्रय सहकारी समिति लिमिटेड कपासन, क्रय-विक्रय सहकारी समिति लिमिटेड बड़ीसादड़ी, क्रय-विक्रय सहकारी समिति लिमिटेड निंबाहेड़ा, राजफेड की ओर से खरीद केंद्र स्वीकृत किए गए हैं। सरसो के लिए 4425 रुपए प्रति क्विंटल व चने के लिए 4875 रुपए प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है। किसान ई-मित्र या संबंधित खरीद केंद्र पर रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। इसके लिए किसान को आधार कार्ड,जनाधार या भामाशाह कार्ड, फसल संबंधी दस्तावेज के लिए गिरदावरी सहित अपने बैंक खाते की पासबुक की फोटो प्रति आदि अपलोड करने होंगे।
उप रजिस्ट्रार पीआर अामेरिया के अनुसार किसान को पंजीयन के लिए स्वयं ई-मित्र केंद्र या संबंधित खरीद केंद्र पर जाना होगा। इसके बाद ही किसान का रजिस्ट्रेशन हो सकेगा। पंजीयन का कार्य सुबह नाै से शाम सात बजे तक होगा।