- Hindi News
- National
- Nikumba News Rajasthan News Sandalwood And Doda Sawdust Worth Rs 45 Lakh Seized From 4 Places
4 जगह से 45 लाख रुपए की चंदन खेर की लकड़ी और डोडा-चूरा जब्त
919 किलो चंदन, 1020 किलो खेर की लकड़ी व 19 किलो डोडा-चूरा
जिला पुलिस की स्पेशल टीम ने गुरुवार को निकुंभ थाना क्षेत्र के सादलखेड़ा गांव में चार जगह छापे मारे। जिसमें करीब 45 लाख रुपए की चंदन की लकड़ी के अलावा डोडा चूरा और खेर की लकड़ी समेत दो वाहन भी जब्त हुए। गांव मेंं बड़ी कार्रवाई से हडकंप मच गया।
पुलिस ने यहां दो जनों के यहां से 919 किलो अवैध चंदन की लकड़ी, एक जगह एक ट्रक में 19 किलो डोडा चूरा व अन्य जगह से 1020 किलो खेर की लकड़ी जब्त की। एसपी दीपक भार्गव ने बताया कि सादलखेड़ा में अवैध गतिविधियों की सूचना पर एएसपी सरितासिंह के निर्देशन में स्पेशल सेल प्रभारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में टीमों को वहां भेजा गया। गुलाम मोहम्मद पुत्र शेर मोहम्मद के रिहायशी मकान में अवैध चंदन का भंडारण होने की सूचना पर निकुंभ थानाधिकारी सुरेश विश्नोई को साथ लेकर कार्रवाई की। उसके बाड़े में खड़ी पिकअप की तलाशी में 586 किलोग्राम चंदन की लकड़ी बरामद हुई। पुलिस ने लकड़ी व ऑटो को जब्त किया। इसके बाद गनी मोहम्मद पुत्र शेर मोहम्मद के मकान में दबिश देकर वहां सात प्लास्टिक के कट्टों में भरी 332किलो चंदन की लकड़ी बरामद की। इस तरह जब्त कुल 919 किलोग्राम चंदन की लकड़ी का बाजार मूल्य 45 लाख रुपए बताया जा रहा है। इसी तरह टीम ने सादलखेड़ा निवासी गुलाम हुसैन के किराए के बाड़े जोगनखेड़ी में खड़ी आइसर गाड़ी की तलाशी ली। जिसमें स्कीम बनाकर बॉडी के अंदर भरा हुआ 19किलो डोडा चूरा बरामद किया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज करते आइसर गाड़ी को जब्त किया है। स्पेशल टीम ने गुलाम हुसैन के ही किराए के बाड़े में दबिश देकर 1020 किलोग्राम खैर की लकड़ी भी जब्त की। पुलिस की स्पेशल टीम की इस छापामार कार्रवाई से सादलखेड़ा सहित आसपास के गांवों में हडकंप मच गया। उल्लेखनीय है क्षेत्र में चंदन तस्कर सक्रिय है। सादलखेड़ा के कई लोगों के खिलाफ पहले भी कई बार मामले दर्ज हो चुके हैं।