- Hindi News
- National
- Kapasan News Rajasthan News Sheetla Pujan Festival In The District Today And Tomorrow
जिले में आज और कल शीतला पूजन पर्व
घर की सुख-शांति के लिए शीतला माता पूजन पर्व जिले में रविवार और सोमवार को मनाया जाएगा। शीतला अष्टमी पर सोमवार को कलेक्टर की ओर से स्थानीय अवकाश भी जिलेभर में रहेगा।
शीतला सप्तमी रविवार को है पर कपासन और चित्तौड़गढ़ शहर के भी अधिकांश परिवार इसे अष्टमी के दिन मनाते है। जो सोमवार को है। कपासन में इस दिन रंगों की होली भी खेली जाती है। कलेक्टर की ओर से स्थानीय अवकाश कपासन उपखंड क्षेत्र में शीतला अष्टमी और बाकी जिले में रंग तेरस को होता है। इस बार रंग तेरस के दिन 22 मार्च को रविवार होने से पूरे जिले के लिए अष्टमी पर ही अवकाश घोषित कर दिया गया। इधर, शनिवार व रविवार को राजकीय कर्मचारियों के लिए छुटटी होती ही है। इसलिए सरकारी कार्यालय लगातार तीन दिन बंद रहेंगे। कोरोना को महामारी घोषित करते हुए सरकार के निर्देश पर शनिवार से स्कूलों में भी छुटटी कर दी गई थी। हालांकि पहले दिन पूरी जानकारी के अभाव में कई स्कूल चलते हुए भी नजर आए।
माहमारी को रोकने के लिए ही करते है यह पूजा
पंडित अरविंद भट्ट के अनुसार शीतला पर्व पर परिवार में स्वास्थ्य व शांति के लिए शीतला माता को बासी खाने का भोग लगाया जाता है। इसलिए महिलाएं एक दिन पहले ही भोजन तैयार करती है। दिनभर उसी भोजन का सेवन करते हैं। पहले कई बीमारियां फैल जाती थी। इस परंपरा को महामारी रोकने का एक उपाय माना जाता है।
पूजन के मुहूर्त
आनंद ज्योतिष कार्यालय के शीतलामाता पूजन के लिए श्रेष्ठ मुहूर्त इस प्रकार है- {रविवार: सप्तमी पर सुबह 5.11 से 6.42 और 8.11 से 12.40 तक चल, लाभ व अमृत वेला में पूजन किया जा सकता है।
{ सोमवार: अष्टमी पर अल सुबह 2.10 बजे से 3.40 तक लाभ वेला, 5.10 से 6.41 तक शुभ वेला, 6.41 से 8.10 तक अमृत और 9.40 से 11.10 तक लाभ वेला में पूजन किया जाना चाहिए।