- Hindi News
- National
- Chapar News Rajasthan News 15 Mars Found Dead In Chadwas Demanding Suspension Of Ranger Meena
चाड़वास में मृत मिले 15 माेर, रेंजर मीणा को निलंबित करने की मांग
ताल छापर कृष्णमृग अभयारण्य से सटे चाड़वास गांव में शुक्रवार रात व शनिवार सुबह 15 मोर मिले। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा मृत मोरों को अभयारण्य में लाकर पोस्टमार्टम करवाया। पर्यावरणप्रेमी नारायण शर्मा ने शुक्रवार रात वनकर्मियों को सूचना दी कि गांव के बस स्टैंड पर लगे पीपल के पेड़ से मोर मर कर गिर रहे हैं। मामले की जानकारी जीव रक्षा दल सदस्य आचार्य रघुवर दयाल के पास भी पहुंची तो उन्होंने वन्यजीव प्रेमी छापर के प्रदीप सुराणा को सूचना दी। अभयारण्य उपवन संरक्षक प्रदीप चौधरी ने बताया कि 12 घंटे में चाड़वास गांव में दो अलग-अलग स्थानों पर 15 मोर मृत अवस्था मिले। मोरों की मौत के कारणों की जानकारी ली जा रही है। राष्ट्रीय पक्षियों की मौत से आहत श्रीजंभेश्वर पर्यावरण व जीवरक्षा प्रदेश संस्था संभाग प्रभारी हनुमानाराम विश्नोई ने जिला उपवन संरक्षक बनवारीलाल शर्मा को ज्ञापन भेजकर अभयारण्य के रेंजर मोहनलाल मीणा व वनकर्मी प्रह्लाद सिंह पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उन्हें निलंबित करने की मांग की है। उन्होंने रेंजर पर शिकारियों जो संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए वरना संस्था वन्य जीव प्रेमियों के साथ अभयारण्य मुख्यालय पर सक्षम कदम उठाएगी। जीव रक्षा संस्था बीकानेर के जिलाध्यक्ष मोकराम धारणियां ने भी रेस्क्यू सेंटर के हालात सुधारने की मांग की है।
पोस्टमार्टम के बाद मोरों को दफनाते हुए।