- Hindi News
- National
- Churu News Rajasthan News Bikaner Delhi Train Engine Fails Passengers Stranded Between Depalsar Churu For Two And A Half Hours 3 Trains Delayed
बीकानेर-दिल्ली ट्रेन का इंजन फेल, ढाई घंटे तक देपालसर-चूरू के बीच फंसे रहे यात्री, 3 ट्रेन लेट
एक घंटे 25 मिनट तक चूरू-देपालसर ट्रैक ब्लॉक रहा, 2 घंटे 46 मिनट देरी से चूरू से दिल्ली के लिए रवाना हो सकी ट्रेन
बीकानेर-दिल्ली इंटरसिटी का इंजन शनिवार दोपहर चूरू-देपालसर के बीच फेल हो गया। इससे चूरू-जयपुर व चूरू-बीकानेर ट्रेन सहित तीन ट्रेन लेट हुई। रेलवे को दूसरा इंजन लगाने के लिए करीब दो घंटे 40 मिनट तक इंतजार करना पड़ा। इस दौरान रेवाड़ी-दिल्ली जाने वाले यात्री फंसे रहे। करीब एक घंटे 25 मिनट तक ये ट्रेन चूरू-देपालसर रूट पर बीच रास्ते में खड़ी रही। दोपहर करीब 3.01 बजे सादुलपुर से मालगाड़ी का इंजन लगाकर 3.15 बजे ट्रेन को चूरू से दिल्ली के लिए रवाना किया जा सका।
स्टेशन अधीक्षक मूलचंद सैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 22471 बीकानेर-दिल्ली का चूरू पहुंचने का 12.27 बजे है। इस ट्रेन के इंजन चूरू से करीब 3-4 किमी पहले रतनगढ़ मार्ग पर देपालसर-चूरू के बीच तकनीकी खराबी आ गई। इसकी सूचना चूरू रेलवे स्टेशन पर मिल गई, मगर कोई इंजन नहीं होने के कारण ये इंटरसिटी बीच रास्ते में खड़ी रही। गाड़ी के बीच रास्ते में खड़े होने से बीकानेर मंडल तक के अधिकारियों ने फोन बजने लगे। आनन-फानन में इलेक्ट्रिक लाइन के लिए सामान लाने वाले खड़े इंजन को दूधवाखारा स्टेशन से मंगवाया गया। ये इंजन चूरू-देपालसर के बीच खड़ी ट्रेन को दोपहर 13.44 बजे वापस देपालसर स्टेशन ले गया। इसके बाद इसी इंजन से ट्रेन को 14.40 बजे चूरू लाकर खड़ा किया। इस बीच सादुलपुर में खड़ी मालगाड़ी का इंजन मंगवाया गया, जो 15.01 बजे चूरू पहुंचा। इस इंजन को बीकानेर-दिल्ली इंटरसिटी ट्रेन को जोड़कर दोपहर 15.13 बजे रवाना किया गया। ये ट्रेन करीब 2 घंटे 46 मिनट देरी से चूरू से दिल्ली के लिए रवाना हो सकी।
ट्रैक ब्लॉक होने से 55 मिनट देरी से रवाना हुई चूरू-जयपुर सवारी गाड़ी
बीकानेर-दिल्ली इंटरसिटी के इंजन का पावर फेल होने से मेड़ता से चूरू आने वाली सवारी गाड़ी करीब 30 मिनट देरी से चूरू पहुंची। ये सवारी गाड़ी रतनगढ़ होकर चूरू पहुंचती है, मगर रास्ते में एक्सप्रेस के खड़ी होने के कारण इस गाड़ी को देपालसर ही रोकना पड़ा। बाद में एक्सप्रेस को देपालसर ले जाने के बाद इस गाड़ी को चूरू भेजा गया। बतादें कि मेड़ता-चूरू सवारी गाड़ी डेमू रैक ही जयपुर जाता है। चूरू-जयपुर डेमू का समय दोपहर 13.25 बजे है, जबकि ये 14.13 बजे रवाना हो सकी। इसी तरह दोपहर 13.55 बजे चूरू से बीकानेर जाने वाली डेमू भी चूरू स्टेशन पर खड़ी रही। इसे दोपहर 14.13 बजे चूरू से रवाना किया जा सका। इस तरह ये ट्रेन भी 18 मिनट देरी से चूरू से बीकानेर के लिए रवाना हो सकी।