- Hindi News
- National
- Churu News Rajasthan News Changes In Weather Fear Of Corona And Queue Of Patients In Hospital Due To Two Day Holiday
मौसम का बदलाव, कोरोना का डर और दो दिन के अवकाश के चलते अस्पताल में लगी मरीजों की कतार
डीबी अस्पताल में 12 बजे तक कतार लगी रही
जिले में मौसम में चल रहे बदलाव, कोरोना के खौफ और दो दिन के अवकाश के चलते बुधवार को राजकीय डीबी अस्पताल में रोगियों की भीड़ लग गई। हालांकि अस्पताल आने वाले अधिकतर रोगी हल्की वायरल, खांसी-जुकाम के ही रोगी थे। हालत ये थी कि अस्पताल परिसर में पर्ची लेने के लिए दोपहर 12 बजे तक महिलाओं व पुरुषों की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई थी। अस्पताल के अंदर डॉक्टर के चेंबर में लोगों की भीड़ लगी रही। यहां तक की सोनोग्राफी, बीपी-शुगर जांच, एक्सरे व ब्लड जांच के लिए भी भीड़ रही। अस्पताल प्रशासन के अनुसार बुधवार को अन्य दिनों की तुलना में रोगियों की संख्या अधिक रही। दो दिन के अवकाश के चलते भीड़ ज्यादा थी।
ज्यादातर खांसी-जुकाम के मरीज
फीजिशियन डॉ. आरिफ खान के अनुसार दो दिनों से हल्की बारिश आने से मौसम में हुए बदलाव के कारण भी वायरल, खांसी, जुकाम बढ़ा है। उन्होंने बताया कि वायरल, खांसी व जुकाम के रोगियों में से उनके पास आने वाले अधिकतर रोगी सामान्य थे। उन्होंने बताया कि इस मौसम में लोगों को ज्यादा सजग रहना चाहिए, क्योंकि मौसम में बदलाव में थोड़ी सी भी लापरवाही से रोग हो सकता है।
डीबी अस्पताल में बुधवार को पर्ची लेने के लिए लगी पुरुषों की कतार। इसी तरह महिलाओं की भी लाइन लगी रही।
डीबी अस्पताल में डॉक्टर के चेंबर में लगी मरीजों की भीड़।