पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Sardarshar News Rajasthan News Due To Lack Of Rainwater Drainage Traders And Automakers Blocked The Road For 5 Hours

बरसाती पानी की निकासी नहीं होने पर व्यापारियों व ऑटोचालकों ने रास्ता जाम कर 5 घंटे किया प्रदर्शन

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

कस्बे में बुधवार शाम को हुई तेज बारिश के बाद गुरुवार को दूसरे दिन भी शहर के आथुणा बाजार में बरसाती पानी की निकासी नहीं होने से आक्रोशित व्यापारियों व ऑटोचालकों ने करीब पांच घंटे तक रास्ता जाम कर प्रदर्शन किया। सुबह नौ बजे व्यापारी व ऑटोचालक आथुणा बाजार में जमा हुए और नगरपालिका के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध करना शुरू कर दिया। सड़क पर बैरीकेट्स लगाकर रास्ता जाम कर दिया। पानी भराव व विरोध के चलते व्यापारियों ने अपनी दुकानें भी नहीं खोली। दोपहर 12 बजे ईओ देवेंद्र कौशिक मौके पर पहुंचे तथा आक्रोशित व्यापारियों व ऑटोचालकों को समझाने का प्रयास किया।

व्यापारी व ऑटोचालक ईओ के आश्वासन से सहमत नहीं हुए। व्यापारियों ने ईओ से कहा कि बारिश के समय में हर बार यह समस्या बनी रहती है, इसका स्थाई समाधान नहीं हो पाया है। ड्रेनेज के चैंबर की सफाई नहीं होने के कारण गंदा व बरसाती पानी सड़क पर जमा रहने के कारण व्यापारी दुकानें तक नहीं खोल पाते हैं। वहीं ऑटोचालकों के ऑटो क्षतिग्रस्त होने के कारण आर्थिक बोझ पड़ रहा है। दोपहर एक बजे पालिकाध्यक्ष सुषमा पींचा भी मौके पर पहुंचीं और लोगों से वार्ता की। वार्ता के दौरान पालिकाध्यक्ष व ईओ ने सफाई ठेकेदार की ओर से समय पर सफाई नहीं करवाने की जांच करवाने तथा बाजार की समस्या का दो दिन में समाधान करवाने का आश्वासन दिया, जिस पर व्यापारी व ऑटोचालक शांत हुए तथा रास्ता खोला। इस दौरान ऑटोचालक संघ अध्यक्ष जितेंद्रसिंह राजवी, व्यापार व उद्योग संघ अध्यक्ष शिवरतन सर्राफ, व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवभगवान सैनी, थानाधिकारी महेन्द्रदत्त शर्मा सहित व्यापारी व ऑटोचालक उपस्थित थे।

ईओ बोले-पालिकाध्यक्ष ने रोका सफाई ठेकेदार के बिलों का भुगतान, पालिकाध्यक्ष बोलीं-बिना सफाई के भुगतान नहींं

व्यापारियों के विरोध के बीच ईओ कौशिक ने बताया कि सफाईकर्मियों के बिलों का भुगतान नहीं होने के चलते सभी कर्मचारी काम पर नहीं आ रहे हैं, जिसके कारण नालों की सफाई समय पर नहीं हो पा रही है। नगरपालिका स्तर पर बिल पास कर दिए गए थे, मगर पालिकाध्यक्ष ने बिलों का भुगतान रूकवा दिया। वहीं पालिकाध्यक्ष पींचा ने बताया कि नालों की सफाई का ठेका दिया गया था। नेता रोड से शुरू होने वाली ड्रेनेज, सब्जीमंडी, बोड़िया कुआ, आथुणा बाजार, मोचीवाड़ा होते हुए वार्ड चार में बनी गेनाणी तक की सफाई की जानी थी। ठेकेदार की ओर से सफाई के नाम पर दिखावा कर हर माह लाखों रुपए के बिल उठाए जा रहे थे, जिसके कारण उसका भुगतान रोका गया है। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि सफाई ठेकेदार की अोर से कम लेबर से काम लेकर अधिक संख्या दिखाकर ज्यादा भुगतान उठाया जा रहा था। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि बिलों के भुगतान व इसमें धांधली की जांच करवाई जाएगी।

रतनगढ़ में पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त, 10 दिन से व्यर्थ बह रहा पानी, ट्रांसफार्मर के पास हुआ गड्‌ढ़ा

रतनगढ़ | पंचायत समिति रोड पर कुल्थिया क्लिनिक के सामने लगे ट्रांसफार्मर के पास पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से पिछले 10 दिनों से पानी का रिसाव हो रहा है। ट्रांसफार्मर के पास करीब ढाई फीट गहरा गड्‌ढ़ा बन गया है। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि सुबह के समय होने वाली पेजयल आपूर्ति के दौरान काफी मात्रा में पानी व्यर्थ बह जाता है। ट्रांसफार्मर के पास गहरा गड्‌ढ़ा भी बन गया है। पुरानी मोर्चरी में भी पानी रिसाव के चलते सीलन आ गई है। इस सड़क पर दो जगह और पाइप लाइन लीकेज है। पालिका, जलदाय विभाग व जोधपुर डिस्कॉम के अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया, तो बड़ा हादसा हो सकता है।

कटाव से हुआ गड्‌ढा।

सरदारशहर. बुधवार को हुई मामूली बारिश के दो दिन बाद भी बाजारों में पानी निकासी नहीं होने पर व्यापारियों-ऑटोचालकों ने जाम लगाकर प्रदर्शन किया।
खबरें और भी हैं...