- Hindi News
- National
- Sadulpur News Rajasthan News Gangaur Fair On 27th The Condition Of The Chowk Deteriorated Temple And Well Still Damaged
गणगौर मेला 27 को, चौक की हालत खराब, मंदिर व कुआं अभी भी क्षतिग्रस्त
पिछले काफी समय से अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहे शहर के बीचोंबीच स्थित गणगौर मेला चौक का जीर्णोद्धार अभी तक नहीं हुआ है। सात माह पूर्व तेज सूंटे के साथ आई बरसात के कारण वार्ड नौ में स्थित गणगौर मेला चौक में पींपल का पेड़ टूटकर मंदिर पर गिर गया, जिससे अंजनी माता मंदिर व कुअा ढह गया था, जो आज भी उसी स्थिति में है। 27 मार्च को चौक में भरने वाले गणगौर मेले से पूर्व इसका जीर्णोद्धार करवाया जाना चाहिए था, लेकिन अभी तक इसका काम शुरू नहीं हुआ है।
प्रतिवर्ष होली त्यौंहार के 16 दिन बाद चौक में भरने वाले मेले में नवविवाहिता व युवतियां गणगौर का विसर्जन करने आती है। मंदिर व कुआ क्षतिग्रस्त स्थिति में पड़ा हुआ है, जिसे समय रहते ठीक नहीं करवाया गया तो उन्हे परेशानी का सामना करना पड़ेगा। पार्षद राहुल पारीक ने बताया कि बार-बार नगरपालिका को उनके व मोहल्लेवासियों द्वारा सूचित करने तथा चौक नगरपालिका की संपत्ति होने के बाद भी इसकी मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं करवाया गया है। मेला चौक की स्थिति बेहद दयनीय बनी हुई है। कुआ व मंदिर टूटे हुए पड़े हैं, वहीं चारों तरफ गंदगी का माहौल बना हुआ है। चारदीवारी भी जीर्ण-शीर्ण हालत में है। दिनभर आवारा पशु विचरण करते रहते हैं। इस संबंध में अधिशाषी अधिकारी शिवराज कृष्ण ने बताया कि गणगौर मेला चौक के टेंडर जारी हो चुके हैं। मेले से पूर्व इसे पूरी तरह तैयार करवा दिया जाएगा।
सादुलपुर. गणगौर मेला चौक में क्षतिग्रस्त स्थिति में मंदिर व कुआं।