- Hindi News
- National
- Taranagar News Rajasthan News Health Checkup Of 17 Passengers Of The District Who Came With A Corona Virus Positive Passenger In A Flight From Dubai
दुबई से आई फ्लाइट में कोरोना वायरस पॉजिटिव यात्री के साथ आए जिले के 17 यात्रियों की स्वास्थ्य जांच शुरू
दुबई से 28 फरवरी को आई फ्लाइट में एक यात्री कोरोना वायरस पॉजिटिव मिलने पर इस फ्लाइट में आए यात्रियों की स्वास्थ्य जांच शुरू की गई है। इस फ्लाइट में आए यात्रियों में जिले के 17 यात्री भी शामिल थे। स्वास्थ्य विभाग से सूचना मिलने के बाद यहां की टीम ने जिले के चिह्नित 17 यात्रियों के स्वास्थ्य की जांच शनिवार से शुरू की। जिले के चिह्नित इन 17 यात्रियों में सर्वाधिक 11 रतनगढ़ क्षेत्र के हैं। फ्लाइट में आने वाले ये सभी यात्री दुबई में काम करते हैं और होली पर छुट्टी लेकर अपने-अपने गांव आए थे। फ्लाइट में एक अन्य यात्री के कोरोना वायरस पॉजिटिव मिलने पर इन यात्रियों की सुरक्षा की दृष्टि से स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। शुक्रवार रात स्वास्थ्य विभाग से मिली सूची के आधार पर इन यात्रियों के स्वास्थ्य की जांच शुरू कर दी गई। सूची मिलने के बाद संबंधित गांवों की पीएचसी की टीम शनिवार सुबह इन सहयात्रियों के स्वास्थ्य परीक्षण की कार्रवाई में जुट गई।
डिप्टी सीएमएचओ स्वास्थ्य देवकरण गुरावा ने बताया कि इन यात्रियों का 28 दिन तक लगातार स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। हालांकि इन यात्रियों में अभी तक कोरोना वायरस पॉजिटिव के लक्षण दिखाई नहीं दिए हैं, फिर भी सुरक्षा की दृष्टि से स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। टीम में शामिल स्वास्थ्य कर्मियों ने इन यात्रियों को निर्देशित किया है कि वे भीड़भाड़ की जगह से दूर रहें तथा अधिक समय घर पर बिताए। सर्दी-जुकाम व बुखार होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर सूचना दें। मुंह पर मास्क लगाएं और व्यक्तिगत स्वच्छता पर ध्यान दें।
सीएम के आदेश के बाद जिले के स्कूल-कॉलेज में नहीं हुई पढ़ाई, 30 तक छुट्टी
चूरू | कोरोना वायरस महामारी घोषित होने व सीएम के आदेश के बाद शनिवार को जिले के स्कूल-कॉलेजों में सन्नाटा पसरा रहा। सीएम ने 30 मार्च तक स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। स्कूलों में शनिवार को केवल शिक्षक ही आए। उधर, 8वीं, 10वीं व 12वीं बोर्ड की परीक्षा यथावत रही। सीडीईओ संपतराम बारूपाल ने बताया कि 30 मार्च तक निजी व सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की छुट्टी रहेगी, केवल स्टाफ को आना होगा।
तारानगर | एसीबीईओ डॉ. अशोक जांगिड़ ने बताया कि 30 मार्च तक सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। शिक्षक स्कूलों में आएंगे।
रतनगढ़ | 14 मार्च से 30 से मार्च तक समस्त राजकीय, निजी स्कूल, कोचिंग संस्थान, मदरसा व अन्य शिक्षण संस्थान बंद रखने की घोषणा की है। अधिकांश स्कूलों के नोटिस बोर्ड पर 16 से 30 मार्च तक अवकाश की सूचना चस्पा की गई है।
फ्लाइट में आए यात्रियों में सबसे ज्यादा रतनगढ़ के 11, चूरू के 4 और राजगढ़-बीदासर क्षेत्र के 1-1
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार दुबई से आई फ्लाइट में 17 लोग चूरू जिले से वास्ता रखते हैं, जिनमें से 11 अकेले रतनगढ़ क्षेत्र के हैं। इसके अलावा चूरू के चार, बीदासर के बैरासर का एक तथा राजगढ़ का एक यात्री शामिल है। रतनगढ़ वार्ड 20 व 34 का एक-एक यात्री, वहीं तहसील के गांव बुधवाली का एक, सांगासर का एक, हुडेरा के दो, बीरमसर का एक, रघुनाथपुरा का एक, राजलदेसर के दो व चैनपुरा के एक यात्री शामिल है। वहीं चूरू में राणासर का एक, नाकरासर का एक, खासोली का एक व चूरू शहर के वार्ड नौ का एक यात्री शामिल है।
रतनगढ़. कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य जांच करने पहुंचे टीम के सदस्य।