- Hindi News
- National
- Sidhmukh News Rajasthan News In Protest Against The Increasing Incidents Of Thieves People Staged A Road Blockade For 4 Hours Agreed On The Assurance Of Disclosure In 10 Days
चोरियों की बढ़ती वारदातों के विरोध में लोगों ने सड़क जाम कर 4 घंटे किया प्रदर्शन, 10 दिन मेंं खुलासे के आश्वासन पर माने
कस्बे में पिछले डेढ़ माह से लगातार हो रही चोरी की वारदातों का खुलासा नहीं होने पर शनिवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने चार घंटे तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस की कार्यशैली के खिलाफ आक्रोश जताया। बाद में पुलिस के 10 दिन में वारदातों का खुलासा करने का लिखित आश्वासन देने पर लोग सहमत हुए तथा रास्ता खोला गया।
शुक्रवार रात करीब एक बजे बस स्टैंड के पास से पिकअप चोरी हो गई। पुलिस को तुरंत सूचना देने के बावजूद न तो चोर पकड़ में आए और न पिकअप बरामद हो पाई। इसके बाद शनिवार सुबह नौ बजे ग्रामीण मुख्य बस स्टैंड पर एकत्रित हुए दुकानें बंद कराकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। यहां करीब आधा घंटा प्रदर्शन करने के बाद सभी लोग जुलूस के रूप में राजगढ़ रोड पहुंचे तथा जाम लगाकर धरना शुरू कर दिया। सीताराम प्रजापत ने कहा कि कस्बे में दिनो-दिन चोरी की वारदात बढ़ रहीं हैं, लेकिन पुलिस कुछ नहीं कर रही। पूर्व सरपंच रामकुमार सिहाग ने कहा कि लगातार चोरी की घटनाओं के साथ ही क्षेत्र में जुआ-सट्टा व अवैध शराब का कारोबार भी चरम पर है। राकेश ढाका ने बताया कि मेरी मोबाइल की दुकान में 15 दिन पूर्व चोरी की वारदात हुई, अब तक पुलिस चोरों का सुराग तक नहीं लगा पाई है। अशोक जांगिड़ ने पुलिस सेे चोरियों का जल्द खुलासा करने के लिए लिखित आश्वासन देने की मांग की। रास्ता जाम करने व प्रदर्शन की सूचना मिलने पर करीब 12.15 बजे एडीशनल एसपी भरतराज मौके पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। वार्ता के दौरान लिखित आश्वासन मिलने पर प्रदर्शनकारी सहमत हुए तथा रास्ता खोला। इस दौरान महावीर जांगिड़, ओमप्रकाश जांगिड़, ओमप्रकाश सुबेदार, सुरेश भाटिया, प्रधान ढाका, संजय राजपुरोहित आदि मौजूद थे।
पुलिस ने दर्ज किया पिकअप चोरी का मामला : थानाधिकारी धर्मसिंह ढाका ने बताया कि पुलिस ने पिकअप चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संजयसिंह पुत्र भीखाराम राजपुरोहित ने रिपोर्ट दी कि मुख्य बस स्टैंड पर घर के सामने मेरी पिकअप खड़ी थी, जिसको कोई रात करीब एक बजे चोरी कर ले गया। सूचना पर पुलिस व ग्रामीणों ने गाड़ी लेकर छानबीन की, मगर कोई सुराग नहीं लगा।
एएसपी भरतराज बोले-पुलिस के पास चाेरी पकड़ने का कोई थर्मामीटर नहीं
वार्ता के दौरान एएसपी भरतराज ने कहा कि पुलिस के पास चोरी पकड़ने का कोई थर्मामीटर नहीं है, जिसको लगाते ही चोर पकड़ में आ जाए। समाज में बढ़ते नशे की प्रवृति के कारण घटनाएं बढ़ रही है। पुलिस अपनी ड्यूटी पूरी जिम्मेदारी के साथ कर रही है और जल्द ही चोरी की घटनाओं का पता लगाकर खुलासा किया जाएगा। लोग उनकी बात से सहमत नहीं हुए तथा लिखित आश्वासन देने की मांग करते रहे। इसके बाद हुए समझौते के तहत अश्वनी शर्मा की दुकान में चोरी, बराकेश ढाका की माेबाइल दुकान में चाेरी, चाैधरी हॉस्पिटल से बाइक चोरी, एयरटेल व एटीएस मोबाइल से बैटरी चोरी, संजय राजपुरोहित की पिकअप चोरी की घटना का 10 दिन में खुलासा करने, इसके अलावा मासिक बंदी, हरियाणा से अवैध डीजल, जुए-सट्टे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर रोक लगाने पर सहमति बनी।
वारदातों पर अंकुश लगाने की मांग, करणी सेना ने दिया ज्ञापन
सिद्धमुख. चाेरियों की बढ़ती वारदातों के विराेध में राजगढ़ राेड पर जाम लगाकर प्रदर्शन करते ग्रामीण
सिद्धमुख | चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के पदाधिकारियों ने थानाधिकारी को ज्ञापन दिया। तहसील संयोजक भोजराजसिंह ढिगारला के नेतृत्व में दिए ज्ञापन में बताया कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में चोरी की वारदात लगातार बढ़ रही है। पुलिस इनका खुलासा नहीं कर पाई है। जल्द ही खुलासा नहीं किया गया, तो आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में तहसील अध्यक्ष विक्रमसिंह ढिगारला, उपाध्यक्ष राजपालसिंह राठौड़, करणी सेना भाईचारा कमेटी तहसील अध्यक्ष भवानीशंकर प्रजापत, विनोद शर्मा, सचिन प्रजापत आदि शामिल थे।