- Hindi News
- National
- Sujangarh News Rajasthan News Locks Of 4 Houses Broken In Three Days Took Gold Silver And Cash From Two Houses
तीन दिन में 4 मकानों के ताले टूटे, दो मकानों से सोना-चांदी व नकदी ले गए
शहर में करीब एक महीने से लगातार चोरियां हो रही हैं। अब नया बास क्षेत्र में तीन दिन के भीतर फिर चार मकानों के ताले टूट गए। आठ मार्च की रात को एक साथ तीन मकानों के ताले टूटे, वहीं 10 मार्च की रात को फिर एक मकान में चोरी हुई। छह फरवरी को पूर्व खनिज राज्य मंत्री खेमाराम के घर हुई चोरी के बाद अब तक बीते 34 दिन में 10 चोरी की वारदात हो चुकी हैं।
बुधवार को नयाबास के वार्ड 22 में मदनलाल पाटनी के मकान में किराएदार कॉलेज के रिटायर्ड प्रो. आरएल अग्रवाल के घर में चोरी की वारदात हुई। प्रोफेसर ने बताया कि 25 फरवरी को वे परिवार सहित शादी समारोह में शामिल होने कुचामन गए हुए थे। घर में रात को भागीरथ स्वामी सोता है, 10 मार्च को वह ससुराल चला गया। बुधवार सुबह आकर उसने देखा तो मकान के मुख्य प्रवेश द्वार का ताला टूटा मिला। भागीरथ ने तुरंत चोरी की सूचना किराएदार अग्रवाल को दी। पीड़ित प्रोफेसर ने घर आकर देखा तो छह कमरों सहित स्टोर रूम के करीब एक दर्जन ताले टूटे मिले। दो आलमारियों का सामान बिखरा मिला। चोर घर में रखे करीब आधा किलो चांदी के बर्तनों सहित 6 हजार रुपए ले गए। लिफाफों में रखे दो-दो रुपए के नोट मौके पर ही छोड़ गए। परिवार के शादी में जाने के कारण उनकी प|ी सोने के करीब 5 तोला जेवरात पहन कर गई थी, जो बच गया। इसके अलावा बैंक लॉकर में रखा करीब 10 तोला सोना चोरी होने से बच गया। थाने के कांस्टेबल महावीर प्रसाद व विक्रम रोलन ने जायजा लिया।
100 मीटर दायरे में 3 घरों में घुसे, एक में पता लगने पर भागे
नया बास में आठ मार्च की रात अज्ञात चोरों ने सोनी धर्मशाला के आगे स्थित पवन जांगिड़ पुत्र ओमप्रकाश जांगिड़ के घर का ताला तोड़ कर एक सोने का मंगलसूत्र व चार पायजेब की जोड़ी चोरी हुई। पवन जांगिड़ ने बताया कि वे 28 फरवरी को घर बंद कर लाडनूं गए थे। 8 मार्च को जब सुजानगढ़ आए तो घर का मुख्य दरवाजा व कमरों के ताले टूटे मिले। घर के कमरे से सोने के आभूषण चुराए हुए मिले, जबकि इसी घर से 100 मीटर की दूरी पर स्थित अशोक पारीक पुत्र बजरंगलाल पारीक के आवास का भी चोरों ने ताले तोड़ दिए। यहां चोर घर से सामान चुराने में असफल हुए। घर के पास रहने वाली विमला पारीक ने बताया कि उनके जीजाजी अशोक पारीक के घर से रात 3 बजे लाइट जगी मिली व आवाज सुनाई दी। उन्होंने बेटे पुत्र सुरेंद्र व पुलिस को दी सूचना दी, लेकिन चोर पुलिस के पहुंचने से पहले भाग गए। मकान मालिक आसाम रहता है। घर में सामान सब बिखरा हुआ मिला। इसी घर से 100-150 मीटर की दूरी पर प्रभुदयाल स्वामी के घर में भी चोरों ने घर के ताले तोड़ दिए। मकान मालिक प्रभुदयाल ने बताया कि उनके घर भाषीणा गांव के डालमचंद जाट किराए पर रहते है। वे अपने गांव गए हुए थे। चोरों ने सभी कमरे के ताले तोड़ दिए, लेकिन सामान चोरी करने में असफल रहे। एएसआई तनसुख नैन मौके पर पहुंचे व घटना की जानकारी ली।
वारदात के बारे जानकारी लेती पुलिस।