- Hindi News
- National
- Churu News Rajasthan News Passenger Facilitation Committee Will Inspect 21 Railway Stations Of Jaipur Bikaner Division Including Churu Sikar From Tomorrow
चूरू-सीकर सहित जयपुर-बीकानेर मंडल के 21 रेलवे स्टेशनों का कल से निरीक्षण करेगी यात्री सुविधा समिति
चूरू-सीकर रेलवे स्टेशन सहित जयपुर-बीकानेर मंडल के 21 रेलवे स्टेशनों का रेल मंत्रालय की यात्री सुविधा समिति (पीएसी) 15 मार्च से निरीक्षण शुरू करेगी। 15 से 24 मार्च तक होने वाले निरीक्षण में टीम रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं का आकलन करेगी। टीम बीकानेर-जयपुर मंडल के डीआरएम के साथ-साथ रेलवे के जीएम (महाप्रबंधक) से मुलाकात कर यात्रियों से प्राप्त शिकायतों के समाधान बारे में चर्चा करेगी। रेलवे बोर्ड की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार टीम रेवाड़ी रेलवे स्टेशन से निरीक्षण की शुरुआत होगी। बीकानेर मंडल के सीनियर डीसीएम जितेंद्र कुमार ने बताया कि टीम के निरीक्षण रेल मंत्रालय द्वारा कार्यक्रम पहुंच चुका है। बीकानेर मंडल के रेलवे स्टेशनों के निरीक्षण के दौरान मंडल के अधिकारी टीम के साथ मौजूद रहेंगे। बता दें कि रेलवे में आमजन की यात्रा की सुगमता व ट्रेनों में यात्रियों को अधिक सुविधाएं देने के लिए रेलवे ने यात्री सुविधा समिति के सदस्यों की टीम गठित की है जो स्टेशनों पर यात्री सुविधा जांचेगी।
पीएसी टीम की डीआरएम से करेंगे सुविधाओं को लेकर चर्चा : रेल मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक पीएसी की टीम के साथ संबंधित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी भी साथ रहेंगे। टीम में वीर कुमार यादव, लदास सोढी, प्रकाश शर्मा, हिमादरी बल और पीएसी कमेटी के चेयरमैन के निजी सचिव परशुराम महतो शामिल हैं,जो कि 15 से 24 मार्च तक यह टीम जयपुर और बीकानेर डिवीजन में आने वाले 22 स्टेशन परिसरों में यात्री सुविधाओं का निरीक्षण करेगी। साथ ही मौके पर ही दैनिक यात्रियों, सामाजिक संगठनों से बातचीत कर समस्याओं का समाधान करेंगी। पीएसी टीम स्टेशनों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करेगी। कानून व्यवस्था विशेषकर महिलाओं, वृद्ध जनों और बच्चों की सुरक्षा संबंधी इंतजामात भी देखेंगी। सीसीटीवी कैमरों व सुरक्षा बलों द्वारा की जा रही निगरानी आदि का मुआयना करेगी।
चूरू में 21 मार्च को पहुंचेगी टीम, 22 को करेगी चूरू-रतनगढ़ रेलवे स्टेशन निरीक्षण
टीम 15 मार्च को रेवाड़ी पहुंचेगी। 17 मार्च को रेवाड़ी से चलकर बावल, खैरथल और अलवर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण होगा। 18 मार्च को यात्री सुविधा समिति की यह टीम अलवर व 19 मार्च को जयपुर में निरीक्षण करेगी। जयपुर में पीएसी टीम की रेलवे महाप्रबंधक व अन्य रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक होगी। 20 मार्च को पीएसी टीम जयपुर से रींगस पहुंचेगी,जहांं रींगस के अलावा सीकर रेलवे परिसरों का बारीकी से निरीक्षण किया जाएगा। इसी प्रकार टीम 21 मार्च को लक्ष्मणगढ़, फतेहपुर शेखावाटी का निरीक्षण करते हुए चूरू रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। टीम रात्रि विश्राम चूरू में ही करेगी। 22 मार्च को सुबह चूरू रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर रतनगढ़ व श्रीडूंगरगढ़ जाएगी। 23 मार्च को छह सदस्यीय टीम बीकानेर रेलवे स्टेशन का अधिकारियों के साथ दौरा करेगी और सुविधाओं की जांच करेगी। निरीक्षण उपरांत बीकानेर में रात्रि ठहराव के साथ ही डिवीजन के डीआरएम के साथ टीम बैठक करेगी। चूरू स्टेशन अधीक्षक मूलचंद सैन ने बताया कि पीएसी टीम 21 को चूरू पहुंचेगी। रात्रि विश्राम चूरू में करने के बाद 22 मार्च को चूरू रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करेगी।
इन सुविधाओं को जांचेगी पीएसी की टीम : टीम ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए ट्रेनों के साथ-साथ रेलवे स्टेशन पर दी गई की मूलभूत सुविधाओं की जांच करेगी। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता, पेयजल, शौचालय की स्थिति, शेड की व्यवस्था, एस्केटेलर, टिकट खिड़की, ट्रेनों की सफाई व्यवस्था, पंखों की व्यवस्था, दिव्यांग के लिए व्हील चेयर, ट्रेनों की समय सारिणी, खान-पान की जांच करती है।