- Hindi News
- National
- Sahwa News Rajasthan News Poonseesar39s Phc Is Operated In One Room Only One Doctor Will Now Give Duty In Sahwa
एक कमरे में संचालित है पूनसीसर की पीएचसी मात्र एक डॉक्टर अब साहवा में भी देंगे ड्यूटी
गांव पूनसीसर का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बीते ढ़ाई साल से एक कमरे में संचालित हो रहा है। इसी कमरे में रोगियों की जांच से लेकर दवाएं देने तक का काम होता है। पीएचसी के लिए अलग से भूमि चिन्हित होने के बावजूद बजट नहीं होने के कारण भवन का निर्माण भी अटका हुआ है। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत एक मात्र डॉक्टर भी अब यहां से साहवा में अपनी ड्यूटी देंगे।
पूर्व ग्राम विकास एवं पंचायती राज मंत्री राजेंद्र राठौड़ ने तीन अक्टूबर 2018 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया था। तब से लेकर अब तक यह एक कमरे में संचालित हो रही है। यहां का स्टाफ इसी एक कमरे में रोगियों को देखने, दवाएं देने सहित अन्य गतिविधियों का संचालन करता है। यदि किसी दिन कोई महिला रोगी की जांच करनी हो, तो अन्य रोगियों को कमरे से बाहर खड़ा होना पड़ता है। इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीन छह उप स्वास्थ्य केंद्र भी आते है, जिसमें सोमसीसर, रैयाटूण्डा, बनियाला, भाड़ंग, रेड़ी व किलीपुरा शामिल है। अगर कभी उपस्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत कर्मचारियों की बैठक लेनी हो तो जगह के अभाव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था गड़बड़ा जाती है। हालांकि पीएचसी के नए भवन के लिए जमीन चिन्हित की गई है, मगर बजट नहीं होने से भवन का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है। चिन्हित जमीन भी गावं से दो किमी दूर होने के कारण ग्रामीण गांव में खाली जमीन को चिन्हित कर भवन निर्माण की मांग कर रहे है। डॉ. संजय वर्मा ने बताया कि भवन निर्माण के लिए कई बार प्रस्ताव भेजे गए है, मगर बजट के अभाव में स्वीकृति नहीं मिल पाई।
नर्सिंग स्टाफ के भरोसे रोगी
विभाग की ओर से यहां पर रोगियों की जांच के लिए डॉ. संजय वर्मा को डेपुटेशन पर लगाया गया था। शुक्रवार को डॉ. वर्मा का डेपुटेशन रद्द होने के बाद अब उन्होंने साहवा के अस्पताल में ड्यूटी जोइन कर ली, जबकि विभाग की ओर से जिस डॉक्टर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लगाया गया, उसने अभी तक ड्यूटी जोइन नहीं करने से यहां डॉक्टर का पद भी खाली हो गया है। ऐसे में अब रोगी भी नर्सिंग स्टाफ के भरोसे है तथा उन्हें रोगियों की जांच कर दवाएं देनी पड़ ही है।
साहवा. पूनसीसर पीएचसी में मरीज देखती नर्स व एक कमरे में चल रही पीएचसी।