- Hindi News
- National
- Sidhmukh News Rajasthan News Siege For Insurance Clam Suspended Due To Absence Of Naib Tehsildar Farmers Expressed Anger By Gathering At Picket Site
नायब तहसीलदार के नहीं होने से बीमा क्लैम के लिए घेराव स्थगित, किसानों ने धरना स्थल पर सभा कर जताया आक्रोश
उपतहसील कार्यालय के आगे अखिल भारतीय किसान सभा की ओर से बकाया बीमा क्लैम व नहर से जुड़ी मांगों को लेकर दिया जा रहा धरना पिछले तीन माह से शुक्रवार को भी जारी रहा। किसान सभा की ओर से शुक्रवार को उप तहसील कार्यालय के घेराव का कार्यक्रम प्रस्तावित था, मगर नायब तहसीलदार के कार्यालय में नहीं होने के चलते किसानों ने घेराव का कार्यक्रम स्थगित कर दिया तथा धरनास्थल पर ही सभा कर प्रशासन व बीमा कंपनी के खिलाफ आक्रोश जताया।
उप तहसील कार्यालय के घेराव कार्यक्रम के चलते शुक्रवार सुबह 10 बजे से ही आसपास के गांवों के किसान धरनास्थल पर पहुंचने शुरू हो गए तथा 11 बजे तक बड़ी संख्या में किसान एकत्रित हो गए। पुरुषों के साथ ही महिलाएं भी धरनास्थल पर पहुंच गई। महिलाओं ने प्रशासन व बीमा कंपनी के खिलाफ आक्रोश जताते हुए गीत गाए। धरने पर हुई सभा को संबोधित करते हुए कामरेड भगतसिंह ने कहा कि किसान बकाया बीमा क्लेम व नहर से जुड़ी मांगों को लेकर लगातार तीन माह से धरना दे रहे है, मगर अब तक प्रशासन व बीमा कंपनी झूठे आश्वासन देने के अलावा कुछ नहीं कर पाई है, जिससे किसानों का आक्रोश लगातार बढ़ता रहा है। अब किसान पीछे नहीं हटेगा तथा आर-पार की लड़ाई लड़कर अपना हक हासिल करके रहेगा। कामरेड बेगराज राजपुराेहित ने बताया कि प्रशासन व बीमा कंपनी के प्रतिनिधि अब तक तीन बार किसानों से वार्ता कर चुके है, मगर बीमा क्लेम का भुगतान नहीं करवा पाए है। बीमा कंपनी किसानों के साथ छल करना चाहती है तथा किसानों का प्रीमियम पोर्टल पर दर्ज नहीं होने का बहाना बनाकर अपना पल्ला झाड़ना चाहती है, मगर किसान ऐसा नहीं होने देंगे। बीमा कंपनी को हर हाल में क्लेम का भुगतान करना होगा। शाम चार बजे तहसीलदार पंकज गढ़वाल किसानों के बीच धरनास्थल पर पहुंचे तथा उनसे वार्ता की। इस दौरान उन्होंने किसानों को बताया कि 16 मार्च को राजगढ़ उपखंड कार्यालय में बीमा क्लेम को लेकर फिर से बैठक होगी। प्रशासन किसानों के साथ है, किसानों की जो भी जायज मांग है उन पर कार्रवाई करवाई जाएगी। मगर किसान तहसीलदार के आश्वासन से सहमत नहीं हुए तथा क्लेम नहीं मिलने तक आंदोलन जारी रखने की बात पर अड़े रहे। किसान सभा के प्रतिनिधियाें ने बताया कि बिना क्लेम के किसान आंदोलन स्थगित नहीं करेंगे। 16 मार्च को किसानों का प्रतिनिधिमंडल बैठक में शामिल होगा, उसी के आधार पर फिर आगे की रणनीति बनाई जाएगी। धरनास्थल पर कामरेड गाेरीशंकर, अशोक जांगिड, महावीर, इद्राज, माेहनलाल सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।
साहवा | अखिल भारतीय किसान सभा के नेतृत्व में बकाया बीमा क्लेम व केसीसी पर अधिक ब्याज की वसूली के विरोध में किसानों की ओर से एसबीआई बैंक शाखा के आगे दिया जा रहा धरना शुक्रवार को नौवें दिन भी जारी रहा। धरनास्थल पर किसान सभा की ओर से 17 मार्च को महासभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आसपास के क्षेत्रों के किसान भी पहुंचेंगे। महासभा को लेकर किसान सभा के पदाधिकारी गांवों में किसानों से जनसंपर्क कर धरनास्थल पर पहुंचने का निमंत्रण दे रहे है। शुक्रवार को किसान सभा के पदाधिकारियों ने घोटड़ा पट्टा, घोटड़ा खालसा सहित आसपास के गांवों में सभा कर किसानों से 17 मार्च को बैंक के आगे पहुंचने का आह्वान किया। शुक्रवार को धरने पर साहवा अध्यक्ष श्रवण सहू, मंत्री सुनील पारीक, कन्हैयालाल सैनी, नत्थूराम कुम्हार, लक्ष्मीनारायण ख्यालिया, केशराराम, जीराम मेघवाल आदि सहित अन्य किसान उपस्थित थे।
किसानों का धरना व जनसंपर्क जारी
सादुलपुर | डीवाईएफआई तहसील कमेटी की ओर से बकाया बीमा क्लेम, बिजली बढ़ोतरी व ओलावृष्टि से खराब फसल के मुआवजे की मांग को लेकर मिनी सचिवालय के आगे दिया जा रहा अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को 12वें दिन भी जारी रहा। धरने पर होशियारसिंह ढाणी मौजी, एसएफआई के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुनील पूनिया, बीकानेर विवि के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अजीतसिंह, कृष्ण भोजानिया, मनीराम ढाका, संजय पूनिया, शुभराम पूनिया, रमेश पूनिया, भूपसिंह भैंसली, प्रताप मेघवाल, हेतराम गोदारा आदि बैठे। शुक्रवार को हरपालू, हमीरवास, बींजावास, दंदेऊ, थिरपाली छोटी व बड़ी, गुडाण, नवां, भैंसली, बास गोविंदसिंह, बेवड़, भरिंड व सरदारपुरा आदि गांवों में किसानों से जनसंपर्क किया गया। सुनील पूनिया, अजीतसिंह, डीवाईएफआई तहसील अध्यक्ष मुनेश पूनिया, कृष्ण भोजानिया व मनीराम ढाका ने 16 मार्च को प्रस्तावित एसडीएम कार्यालय के घेराव कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया। सुनील पूनिया ने बताया कि मिनी सचिवालय के आगे होने वाली सभा को भादरा विधायक बलवान पूनिया व कामरेड अमराराम संबोधित करेंगे।
साहवा. एसबीआई के आगे धरने में नारे लगाते धरने पर बैठे किसान।
सिद्धमुख. धरने पर मौजूद िकसान।