पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Churu News Rajasthan News Sujangarh Will Be The First Tehsil Headquarters Of Shekhawati To Open Adm Office

एडीएम कार्यालय खुलने वाला शेखावाटी का पहला तहसील मुख्यालय होगा सुजानगढ़

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

मुख्यमंत्री की बजट घोषणा में सुजानगढ़ क्षेत्र का फिर से वर्चस्व बढ़ाया गया है। बजट घोषणा में सुजानगढ़ में एडीएम कार्यालय खोलना स्वीकृत किया गया है। घोषणा की क्रियान्विति होने पर सुजानगढ़ एडीएम कार्यालय खुलने वाला शेखावाटी का पहला तहसील मुख्यालय बनेगा।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को बजट घोषणा में सुजानगढ़ पर विशेष मेहरबानी की है। यहां एडीएम कार्यालय सहित तीन बड़ी सौगात दी है। राजनीतिक चर्चा के अनुसार इससे सुजानगढ़ के विधायक व मंत्री मास्टर भंवरलाल मेघवाल का कद बढ़ा है। विधायक व मंत्री मेघवाल अपने क्षेत्र के अस्पताल में 50 बेड व आपणी योजना में रुपए स्वीकृत करवाने के साथ ही बीदासर में भी सीएचसी के भी 20 बेड बढ़वाने में सफल रहे। तारानगर विधायक नरेंद्र बुडानिया अपने क्षेत्र के लिए स्टेडियम लाने में सफल रहे। वहीं राजलदेसर में भी 20 साल से चली आ रही सरकारी कॉलेज खोलने की मांग पूरी हो गई है।

राजलदेसर में कॉलेज : पालिका व 11 पंचायतों के 38 गांवों के विद्यार्थियों को होगा फायदा

राजलदेसर | करीब 20 साल पुरानी सरकारी काॅलेज की मांग शुक्रवार को प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने पूरी कर दी। मुख्यमंत्री ने राजकीय कॉलेज खोलने की घोषणा की है। यहां कॉलेज खुलने के बाद राजलदेसर नगरपालिका क्षेत्र सहित 11 ग्राम पंचायतों के करीब 38 गांवों के विद्यार्थियों को अब उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

बीदासर सीएचसी अब 50 बेड का होगा

बीदासर | बजट घोषणा में मिली सौगात के चलते कस्बे का राजकीय सामुदायिक केंद्र अब 30 से बढ़कर 50 बेड का हो जाएगा। ऐसी स्थिति में स्वास्थ्य केंद्र में पांच डॉक्टरों की जगह नौ पद होंगे। 50 बेड का अस्पताल होने पर यहां एक महिला रोग विशेषज्ञ का पद भी होगा, जिससे प्रसूताओं को अन्यत्र नहीं जाना पड़ेगा। अस्पताल में शिशु रोग विशेषज्ञ, लैब में ब्लड स्टोरेज सुविधा व सोनोग्राफी मशीन भी लगेगी। सीएचसी को 50 बेड करवाने के लिए 10 महीने पूर्व लोगों ने आंदोलन भी किया था।

एडीएम कार्यालय खुलना : सुजला को जिला बनाने की दिशा में नींव रखने की शुरुआत माना जा रहा

सुजानगढ़ | मुख्यमंत्री की सुजानगढ़ में एडीएम कार्यालय खुलने से चुनाव संबंधी कार्यों के लिए अब रतनगढ़, सुजानगढ़ व बीदासर की जनता को चूरू नहीं जाना पड़ेगा। यहां पर एडीएम कार्यालय खोले जाने को सुजानगढ़ को जिला बनाने की दिशा में नींव रखने की शुरुआत माना जा रहा है। इससे क्षेत्र का प्रशासनिक पावर बढ़ेगा अाैर मजबूत हाेगा। कलेक्टर स्तर के कार्यों के लिए काफी हद तक के काम यहीं अासानी से हाे सकेंगे। इसी तरह राजकीय बगड़िया अस्पताल को 100 से 150 बेड का करने से सीधे ताैर पर क्षेत्र के मरीजों को फायदा होगा।

तारानगर में स्टेडियम : 25 लाख रु. का प्रारंभिक बजट भी स्वीकृत

तारानगर | तारानगर में खेल स्टेडियम को मंजूरी दिए जाने के बाद अब यहां के खिलाड़ियों को अपने क्षेत्र में ही खेल की सुविधा मिलने लगेगी। विधायक नरेंद्र बुडानिया के अनुसार मुख्यमंत्री ने खेल स्टेडियम की मंजूरी देने के साथ ही सुविधाओं के लिए 25 लाख का प्रारंभिक बजट भी स्वीकृत किया। एथलेटिक्स संघ के जिलाध्यक्ष हाकम अली ने बताया कि वर्तमान में तहसील के करीब 30 नेशनल खिलाड़ी हैं। इनमें हॉकी, वॉलीबॉल, बेसबॉल, एथलेटिक्स व टेनिस क्रिकेट के खिलाड़ी शामिल है। इसके अलावा स्टेट लेवल के भी कई जूनियर व सीनियर खिलाड़ी भी हैं। स्टेडियम बनने के बाद खिलाड़ियों को जिला मुख्यालय पर नहीं जाना पड़ेगा। वे यहीं तैयारी कर सकेंगे। राजकीय एमजेडी कॉलेज के पास नगर पालिका की तरफ से 24 बीघा जमीन खेल स्टेडियम के लिए प्रस्तावित है।
खबरें और भी हैं...