शादी समारोह में हवाई फायर से अफरा-तफरी
कस्बे के गनीपुर रोड पर गुरुवार रात एक शादी समारोह में हवाई फायरिंग से लोगों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। लोगों ने एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया तथा अन्य मौका देखकर भाग छूटे।
रात करीब साढ़े 9 बजे गनीपुर रोड पर आयोजित एक शादी समारोह में आई बारात खाना खा रही थी, इसी बीच एक कार में आए तीन-चार युवकों ने अचानक हवाई फायर कर दिया, जिससे बारातियों व अन्य लोगों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर मारपीट कर दी तथा मौका पाकर अन्य युवक कार से भागने में सफल हो गए। सूचना पर मय जाब्ते के पहुंचे थानाधिकारी मांगीलाल मीना ने युवक को हिरासत में लेकर राजकीय अस्पताल ले जाकर मेडिकल कराया। थानाधिकारी ने बताया कि पुलिस को मौके से फायरिंग के काम लिया गया कट्टा या अन्य हथियार नहीं मिला। मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी ने रिपोर्ट नहीं दी है।