- Hindi News
- National
- Bandikui News Rajasthan News Holi Of Flowers Played At Hadiyakhandi Ashram Message Given About Water Rescue
हैड़ियाखंडी आश्रम में खेली फूलों की होली, पानी बचाव का दिया संदेश
शहर के जागीर बांदीकुई में स्थित भगवान हैडि़याखंडी आश्रम में धुलंडी के दिन फूल होली फागोत्सव कार्यक्रम आयोजित कर पानी बचाव की नई पहल की। इस दौरान अलवर-बांदीकुई के लोक कलाकारों ने करीब चार घंटे तक फूलों की होली के बीच अपनी कला की प्रस्तुति दी।
इस नजारों को देखने के लिए करीब 500 श्रद्धालु बिना रंग-गुलाल लगाए कार्यक्रम में शामिल हुए। मंदिर श्रीबाबा हैड़ाखान महायोग विश्वक्रांति आश्रम ट्रस्ट के तत्वावधान में फागोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम को ऐतिहासिक रूप देने के लिए नवनिर्मित मंदिर को फूल माला एवं रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया।
राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती की होली पर थिरके भक्त
करीब चार घंटे तक चले इस फागोत्सव में अकरम के निर्देशन में अलवर एवं बांदीकुई के लोक कलाकारों ने राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती का स्वांग रचकर भजनों पर नृत्य कर फूलों के संग होली खेली। इस नजारे को देखकर आरती हाल में मौजूद श्रद्धालु नांच उठे। आश्रम की व्यवस्था एवं कलाकारों की कला के बीच फूल होली देखकर लोगों ने फागोत्सव कार्यक्रम की सराहना की। आश्रम ट्रस्ट के अध्यक्ष वैद्य महेन्द्र शर्मा एवं आश्रम प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष डॉ. राजेश धाकड़ ने बताया कि धुलंडी पर पानी की बर्बादी न हो इसके लिए हमने आश्रम में आयोजित फागोत्सव में फूल होली कार्यक्रम आयोजित किया। हमने फागोत्सव में शामिल होने वाले लोगों से बिना रंग-गुलाल के फूल होली खेल कर पानी बचाने का आह्वान किया था। इसके चलते इस फागोत्सव में करीब 500 श्रद्धालु बिना रंग-गुलाल लगाए शामिल हुए और उन्होंने करीब चार घंटे तक फूल होली खेलकर पानी बचाव की मुहिम में नई पहल की जिसमें लोगों का पूरा सहयोग रहा। इस दौरान ट्रस्ट सचिव एडवोकेट अनिल भट्ट ने श्रद्धालुओं के गुलाल का तिलक लगाकर स्वागत किया। ट्रस्ट की ओर से एक क्विंटल फूलों के पंखुड़ियों की व्यवस्था की गई।
बांदीकुई| हैड़ियाखंडी आश्रम में फागोत्सव के दौरान फूलों की होली खेलकर पानी बचाव का संदेश देते श्रद्धालु।