दौसा शहर में रात को दोे जगह ताले टूटे
शहर में चोरी की वारदातें बढ़ रही है। शुक्रवार रात को चोरों ने शहर में दाे जगह चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आगरा रोड बाइपास के समीप अयोध्या नगर में एक सूने मकान से चोर जेवर व नकदी चोरी कर ले गए। कोतवाली के समीप बस स्टैंड पर एक डेयरी बूथ से चोर नकदी व सामान चोरी कर ले गए।
अयोध्या नगर में चोरी की वारदात चेतराम बैरवा के मकान में हुई। चेतराम बैरवा शुक्रवार को परिवार सहित गांव गए थे। रात को चोरों ने मकान में कमरों के ताले तोड़ दिए तथा जेवर, नकदी व सामान चोरी कर ले गए। शनिवार सुबह ताले टूटे देख पड़ोसियों ने चेतराम को सूचना दी। इस पर वह मकान पर पहुंचा तो कमरों में सामान बिखरा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तथा मौका मुआयना किया। चेतराम बैरवा ने बताया कि मकान में से चोर एक सोने की व दो चांदी की अंगूठी, दो चांदी की पायजेब, 15 हजार रुपए नकद, दो एलसीडी, कपड़े, कूकर चोरी कर ले गए। इस संबंध में चेतराम ने कोतवाली में रिपोर्ट दी है।
चोरों ने शुक्रवार रात को कोतवाली के समीप बस स्टैंड पर एक डेयरी बूथ का गेट तोड़ दिया तथा नकदी व सामान चोरी कर ले गए। द्वारका प्रसाद विजय ने बताया कि रात को चोरों ने बूथ का गेट तोड़ दिया तथा गल्ले में रखे 16 हजार 800 रुपए, एक चेक, करीब चार हजार रुपए की सिगरेट के पैकेट, जयंती के पांच पैकेट, बीड़ी के 5 पैकेट व 400 रुपए के सिक्के चोरी कर ले गए। चोरी की वारदात का पता सुबह चला। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस पहुंची तथा मौका मुआयना किया।
शहर में पांच दिन में चोरी की तीन वारदातें
शहर में चोरी की वारदातें बढ़ रही हैं। पांच दिन में चोरी की तीसरी वारदात है। शहर में आगरा रोड पर विवेक विहार कॉलोनी में 9 मार्च को सूने मकान का ताला तोड़कर चोर करीब पांच लाख रुपए के जेवर व नकदी चोरी कर ले गए थे। फरवरी माह में चोरी की तीन वारदातें हुई। चोर सूने मकानों को निशाना बना रहे हैं। पांच दिन में चोरी की तीन वारदात हो गई।
दौसा | मकान में चोरी के बाद बिखरा सामान व बसस्टैंड पर तोड़ी थड़ी।