- Hindi News
- National
- Dausa News Rajasthan News Roadways Buses Leave By Bypass People Have To Walk 3 Km
बाइपास से निकल जाती हैं रोडवेज बसें, लोगों को 3 किमी पैदल जाना पड़ता है
रोडवेज के कई आगार की बसें शहर में केंद्रीय बस स्टैंड पर नहीं आकर सीधे बाइपास निकलती हैं। इसके चलते यात्रियों को शहर में तीन किमी दूर बाइपास पर जाना पड़ रहा है। रात के समय लोगों को बाइपास से तीन-चार किमी पैदल आना पड़ता है।
वैशाली नगर जयपुर आगार, अलवर व दौसा आगार की बसें ही स्टैंड पर आती है। हिंडौन आगार की कुछ बसें भी बस स्टैंड पर होकर जाती है, लेकिन भरतपुर, धाैलपुर, लोहागढ़ आदि आगार की बसें सीधे बाइपास से निकल जाती है। रात के समय यात्रियों को बाइपास पर ही उतार दिया जाता है। रात के समय टैंपो नहीं मिलने से लोगों को कलेक्ट्रेट बाइपास चौराहा, जयपुर रोड बाइपास तिराहा व आगरा रोड बाइपास तिराहा से तीन-चार किमी पैदल आना पड़ता है। इसमें महिलाएं साथ होने पर परेशानी होती है। रात के समय अनहोनी की आशंका रहती है। लोगों द्वारा कई बार बाहर के आगार की बसों को शहर में बस स्टैंड पर आने के लिए मांग की जा चुकी है, लेकिन ये बसें शहर से बाहर बाइपास से निकल रही हैं। भरतपुर, अागरा, धौलपुर, अजमेर आदि जगह जाने वाले लोगों को बाइपास पर जाना पड़ता है। कई बार यात्री केंद्रीय बस स्टैंड पर इंतजार करते रहते हैं, लेकिन बस सीधे बाइपास से निकल जाती है।
पहले 150 से 200 बसें आती थी, अब 100-110 बसें : बस स्टैंड पर करीब दो साल पहले रोजाना 150 से 200 तक बसें आती थी। इससे यात्रियों को शहर में स्टैंड पर ही बस मिल जाती थी, लेकिन अब 100-110 बसें ही बस स्टैंड पर आ रही है। अन्य आगारों की अधिकांश बसें सीधे बाइपास से निकल रही हैं। इससे यात्रियों को बाइपास पर जाना पड़ रहा है।
खड़े रहते हैं यात्री
गर्मी में यात्री बस की इंतजार में बाइपास पर कलेक्ट्रेट चौराहा, जयपुर रोड बाइपास तिराहा व आगरा रोड बाइपास तिराहे पर धूप में खड़े रहते हैं।
बस बाइपास से निकलेगी या स्टैंड से, जानकारी नहीं
दिल्ली निवासी धीरज दक्ष का कहना है कि वह दौसा में बहन के आया है। धौलपुर जाने के लिए रोडवेज बस में रिजर्वेशन करा रखा है। बस बाइपास से निकलेगी या बस स्टैंड पर होकर आएगी इसके बारे में कोई जानकारी नहीं दे रहे हैं। पहले बस स्टैंड पर गया, लेकिन जानकारी नहीं मिली। अब कलेक्ट्रेट बाइपास चौराहे पर बस की इंतजार कर रहा है।
कोई ध्यान नहीं देता
मूंडकस्या के गिरिराज प्रसाद घुरैया का कहना है कि कई आगार की बसें सीधे बाइपास से निकलती हैं। बसें शहर में स्टैंड पर होकर आनी चाहिए। उन्होंने बताया कि पहले भी स्टैंड पर होकर बसें आने की मांग की, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया।
कुछ बसें तो आती हंै
दौसा आगार के मुख्य प्रबंधक कैलाशचंद मीणा का कहना है कि वैशाली नगर, हिंडाैन आगार, अलवर आगार व दौसा आगार की बसें शहर में होकर जाती है। भरतपुर, धौलपुर आदि आगार की बसें बाइपास से निकलती हैं।
गिरिराज प्रसाद
धीरज दक्ष
दौसा| शहर के बाहर कलेक्ट्रेट चौराहे से सीधे गुजरती हैं रोडवेज बसें।