संस्कृत काॅलेज भवन का किया निरीक्षण
दौसा | विधायक मुरारी लाल मीणा ने शनिवार को राजकीय शास्त्री संस्कृत महाविद्यालय के नए भवन का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधायक मीणा ने बताया कि 17 मार्च को महाविद्यालय के नए भवन का लोकार्पण संस्कृत शिक्षा मंत्री सुभाष गर्ग द्वारा किया जाएगा। लोकार्पण समारोह को लेकर भी विधायक ने महाविद्यालय प्रशासन को आवश्यक दिशा निर्देश देने के साथ-साथ महाविद्यालय में मूलभूत समस्याओं को भी सुना तथा उनके निराकरण की बात भी कही। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने बजट घोषणा में दौसा शास्त्री संस्कृत महाविद्यालय को आचार्य महाविद्यालय में क्रमोन्नत किया है। इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी उमाशंकर मीणा आदि मौजूद थे।
नरेगा योजनाओं से लोगों को लाभान्वित करें
लालसोट| पंचायत समिति के सभागार में ग्राम विकास अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।बैठक को संबोधित करते हुए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एल के बालोत ने सभी ग्राम विकास अधिकारियों को जन कल्याणकारी योजनाओं को समयबद्ध पूरा किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लक्ष्य शत-प्रतिशत अर्जित किया जाए। पेयजल समस्या का निदान किया जाए तथा नरेगा योजनाओं से लोगों को लाभान्वित किया जाए । इस अवसर पर पंचायत प्रसार अधिकारी प्रकाश शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद थे।
किसान नेताओं ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
लालसोट/ रामगढ़ पचवारा | उपखंड के रामगढ़ पचवारा ग्राम में भारतीय किसान संघ के तत्वावधान में किसान नेताओं ने मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन तहसीलदार को सौंप कर कार्रवाई की मांग की है। इस अवसर पर किसान नेताओं ने क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि से नुकसान की गिरदावरी कराकर किसानों को तुरंत मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है। वहीं दूसरी तरफ बिजली बिलों में सरकार द्वारा सब्सिडी दी जाती रही है इसको पूर्व की भांति ही बिलों में ही समायोजित किए जाने की मांग की है। तथा किसानों की रबी की फसल सरसों गेहूं की फसलों को संपूर्ण रूप से समर्थन मूल्य पर खरीद केंद्र पर खरीद करा कर 8 दिवस मैं भुगतान कराए जाने सहित अन्य मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की है इस अवसर पर राम भजन मीणा, धर्मराज मीणा, नमो नारायण मीणा सहित सैकड़ों की तादाद में किसान मौजूद थे।
राहुवास भाजपा मंडल की बैठक आयोजित
लालसोट| उपखंड के डूंगरपुर गांव में भाजपा मंडल राहूवास की बैठक मंडल अध्यक्ष पोकरमल सैनी के सान्निध्य में व मंडल पर्यवेक्षक घमंडी लाल मीना और भाजपा नेता रामबिलास डूंगरपुर की मौजूदगी में सम्पन्न हुई। बैठक में मंडल अध्यक्ष के चुनावों के सन्दर्भ में चर्चा की गई ।मंडल अध्यक्ष की योग्यता आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। बैठक की शुरुआत सत्यनारायण शर्मा लालसोट के द्वारा सरस्वती माँ के द्विप प्रज्ज्वलित करके शुभारंभ किया ।जिसमें उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से एक नाम का चयन करके प्रभारी घमंडी लाल के सामने रखा गया ।तथा नाम का पैनल बनाया गया। बैठक में धर्मेंद्र शर्मा कल्लावास, मीठालाल इंन्दावा, भंवरसिंह राजपूत झूपडिया, रामनिवास, रामकिशन मीना ढोलावास, मालुसिंह डोब, कालूराम जगनेर, रमेश चंद्र गुजर्र डिगो, नाथूलाल खटुम्बर, गिर्राज सैनी, कमलेश शर्मा कल्लावास, प्रहलाद मीना पूर्व पंचायत समिति सदस्य, मुकेश कुमार जगनेर नेहडी, दीनदयाल मीना पूर्व सरपंच डूंगरपुर, भाजपा युवा मोर्चा मंडल संयोजक मोती लाल मीना शाहजहांनपुरा, पूरण डूंगरपुर, हंसराज धांध्या, सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नांगल चांपा में वाटर कूलर का उद्घाटन आज
दौसा| गजानंद शर्मा शिक्षा एवं विकास संस्थान द्वारा रविवार को नांगल चांपा में वाटर कूलर लगाया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ समाज सेविका ग्यारसी देवी द्वारा किया जाएगा।