बजट भाषण में सिकराय को मिली एडीजे कोर्ट की सौगात
महिला एवं बाल विकास मंत्री ममता भूपेश के प्रयासों से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बजट भाषण के दौरान सिकराय में एडीजे कोर्ट खोलने की घोषणा की है। एडीजे कोर्ट खोलने की घोषणा के साथ ही कांग्रेसियों व वकीलों में खुशी की लहर दौड़ गई। उन्होंने शनिवार को महिला एवं बाल विकास मंत्री को गुलदस्ता भेंट कर एडीजे कोर्ट की स्वीकृति दिलाने पर आभार जताया।
सुबह ब्लॉक अध्यक्ष शिवराम मीना व बार अध्यक्ष लखनलाल बैरवा के नेतृत्व में महिला एवं बाल विकास मंत्री ममता भूपेश से मिले कांग्रेसियों व वकीलों ने सरकार द्वारा उपखंड मुख्यालय पर एडीजे कोर्ट की मंजूरी देने को लेकर आभार जताते हुए कहा कि सिकराय में एडीजे कोर्ट नहीं होने से परिवादियों एवं वकीलों को न्यायिक प्रकरणों में अपना पक्ष रखने के लिए 25-30 किलोमीटर दूर बांदीकुई जाना पड़ रहा था। जिससे काफी समय व आर्थिक नुकसान होता था। अब सिकराय में एडीजे कोर्ट खुलने के बाद लोगों को त्वरित न्याय मिलेगा। उन्होंने बताया कि इसे लेकर वकीलों ने मंत्री भूपेश से मांग की थी। जिस पर मंत्री भूपेश ने मुख्यमंत्री से सिकराय में एडीजे कोर्ट खुलवाने की मांग रखी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने बजट भाषण में सिकराय में एडीजे कोर्ट खुलवाने की घोषणा की। बार एसोसिएशन अध्यक्ष बैरवा व वकीलों ने मंत्री को ज्ञापन देकर एसीएम कोर्ट व पदेन भू-प्रबंधन अधिकारी कोर्ट खोलने की भी मांग की। जिस पर मंत्री ने जल्द ही कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस दौरान पूर्व बार अध्यक्ष महावीर जैमन, राजाराम गुर्जर, हरिराम गुर्जर, ताराचंद गुर्जर, रामचंद्र वैष्णव, प्रमोद शर्मा, धर्मसिंह बैरवा, राजू बैरवा, शिवचरण शर्मा सहित अन्य वकील मौजूद थे।
सिकराय| बजट भाषण में सिकराय में एडीजे कोर्ट खोलने की घोषणा के बाद महिला एवं बाल विकास मंत्री ममता भूपेश का अभिनंदन करते वकील।