- Hindi News
- National
- Mahawa News Rajasthan News Sog Will Investigate Crores Of Theft Cases In Mahwa
महवा में करोड़ों की चोरी मामले की जांच करेगी एसओजी
शहर के मुख्य बाजार में विगत सप्ताह सर्राफा व्यापारी के यहां हुई करोड़ों की चोरी के मामले को लेकर रविवार को राज्यसभा सांसद डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा शनिवार को पीड़ित व्यापारी को साथ लेकर पुलिस थाने पहुंचे और थाना अधिकारी करण सिंह राठौर से चर्चा कर बकाया जेवरात बरामदगी के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार रविवार को राज्यसभा सांसद डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा पुराना अस्पताल रोड स्थित पीड़ित सर्राफा व्यापारी मोहन बंसल के घर पहुंचे और घटना की विस्तृत जानकारी ली। जहां पीड़ित व्यापारी ने सांसद को बताया कि पुलिस ने चोरी के आरोपियों को गिरफ्तार तो कर लिया लेकिन चोरी गए पूरे जेवरातों को बरामद नहीं किया है। अभी भी उनका चोरी गया आधा माल बरामद होना बाकी है। इस पर डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा वहां मौजूद व्यापारियों व शहर के लोगों के साथ महवा पुलिस थाने पहुंचे और सीआई करण सिंह राठौड़ से मामले की विस्तृत जानकारी ली। जहां थानाधिकारी ने बताया कि चोरी के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पुलिस अब भी कड़ी पूछताछ करने में जुटी हुई है। उन्होंने बताया कि यदि चोरों के पास अभी भी चोरी का माल है तो पुलिस बकाया जेवरात की बरामदगी का हर संभव प्रयास करेगी। इस अवसर पर पूर्व प्रधान राजेंद्र मीणा, रामराज गुर्जर, विमल जैन, हेमेंद्र शर्मा, अभिषेक साथा सहित शहर के लोग मौजूद थे।
यह था मामला
विगत सप्ताह शहर के मुख्य बाजार स्थित सर्राफा व्यापारी मोहन बंसल की दुकान से नौकर की शह पर एक अन्य बदमाश करीब एक किलो छः सो ग्राम सोने के जेवर चोरी कर ले गया था। जिसमें से पुलिस ने करीब आठ सौ ग्राम सोने के जेवरात को बरामद कर नौकर राकेश व आरोपी निरभीर गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया था। दोनों आरोपी फिलहाल पुलिस रिमांड पर चल रहे हैं।
शहर के मुख्य बाजार में दिनदहाड़े करोड़ों के जेवरात चोरी के मामले में थाने पहुंचे डॉ किरोड़ी मीना ने पुलिस महानिदेशक से दूरभाष पर बात कर करोड़ों के जेवरात चोरी के मामले को एसओजी को सौंपकर माल बरामदगी की मांग की। जिस पर डीजीपी ने उन्हें मामले की एसओजी से जांच के लिए आश्वस्त किया।
करोड़ों की चोरी के बकाया माल की बरामदगी को लेकर थाने पहुंचे राज्यसभा सांसद डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा को थाने में मौजूद लोगों ने अपनी अपनी शिकायत रखते हुए बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए चोरी और मारपीट जैसी घटनाओं को लेकर अवगत करवाया। जहां डॉक्टर मीणा ने थाना अधिकारी को निर्देशित किया कि वे लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता से लेकर उनका खुलासा करे। और आपराधिक तत्वों के साथ सख्ती से पेश आकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें।