- Hindi News
- National
- Dausa News Rajasthan News Teams Of Medical And Health Department Reached Gram Sabha
ग्राम सभाओं में पहुंची चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमें
कोरोना वायरस को लेकर सतर्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमें रविवार को जिले में आयोजित ग्राम सभाओं में पहुंची। सभाओं में लोगों को पंफलेट और पोस्टरों के माध्यम से कोरोना के प्रति जागरूक किया गया।
सीएमएचओ डाॅ पीएम वर्मा के नेतृत्व में पूरे जिले में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत ग्राम सभाओं में पहुंची चिकित्सा विभाग की टीमों ने लोगों को कोरोना के लक्षण और सावधानियों के बारे में भी बताया। डाॅ वर्मा ने बताया कि इसके लिए एक दिन पहले ही सभी ब्लाॅक चिकित्सा अधिकारियों, एएनएम और फील्ड स्टाफ को अलर्ट कर दिया गया था। बांदीकुई में कोरोना वायरस के प्रति जागरूकता के लिए रैली निकाली गई। जिसमें विभाग के नर्सिंगकर्मी और ब्लाॅक स्तर के अधिकारी व कर्मचारी शामिल हुए। इसके अलावा लालसोट ब्लाॅक में अटल सेवा केन्द्र पर भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। ग्रामीणों को बताया कि कोरोना वायरस हवा से नहीं फैलता इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है। साफ-सफाई पर पूरा ध्यान दें और खांसी-जुकाम-बुखार के लक्षण दिखते ही चिकित्सक को दिखाएं तथा उनके निर्देशों का सख्ती से पालन करें। उन्होंने बताया कि ग्राम सभाओं में मौसमी बीमारियों से बचाव के बारे में भी बताया गया।
दौसा| कोरोना वायरस के प्रति लोगों को जागरूक करती चिकित्सा विभाग की टीम।