धौली गुमटी ओवरब्रिज के दोनों और सर्विस रोड नहीं बनाने से गुस्साए लोगों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
लोगों ने बताया कि धौली गुमटी रेलवे फाटक पर ढाई साल से ओवरब्रिज का निर्माण चल रहा है। लेकिन अभी तक न तो ओवरब्रिज बना ना ही इसके दोनों और सर्विस रोड। उन्होंने बताया कि सर्विस रोड बनाने की डेडलाइन 15 सितंबर निर्धारित थी। लेकिन अभी तक इसका काम भी चालू नहीं हुआ। निर्माणाधीन ओवरब्रिज के दोनों और कच्चा रोड होने से यहां से बड़े वाहन गुजरने के दौरान मिट्टी उड़ती है। बरसात होने के बार यहां पानी का भराव भी हो जाता है। इससे वाहनों का निकलना भी दूभर हो जाता है। उन्होंने बताया कि ओवरब्रिज निर्माण में निर्धारित मापदंड के अनुरुप कार्य नहीं हो रहा है। उन्होंने बताया कि ओवरब्रिज की दीवारों में दरार आ चुकी है। इसके अलावा अन्य जगह भी निर्माण में खामिया बरती जा रही है। उन्होंने बताया कि सर्विस रोड निर्माण को लेकर दो बार एसडीएम को ज्ञापन दिया जा चुका है। कई बार पीडब्लूडी के अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई। इस दौरान सुकलाल सैनी, मनभावन गुर्जर, चरणदास सैनी, विश्राम सैनी, धीरज, भगवानसहाय सैनी,घनश्याम मीणा, खिल्ली सैनी, धर्मेद्र सैनी, तिलक पोसवाल, शेरसिंह गुर्जर, मुनि हलवाई, श्यामसुंदर , पूरण सैनी सहित अन्य मौजूद थे।
बांदीकुई| धौली गुमटी ओवरब्रिज के दोनो और सर्विस रोड नहीं बनाने पर प्रदर्शन करते लोग।