- Hindi News
- National
- Dholpur News Rajasthan News 106 Villages Of Sampau Will Now Get Chambal Water Bari Hospital Will Be Of 200 Beds Saramathura Baseri Will Be Built
सैंपऊ के 106 गांवों को अब मिलेगा चंबल का पानी, बाड़ी अस्पताल 200 बेड का होगा, सरमथुरा-बसेड़ी बनेंगी नपा
जिले में पीने और सिंचाई के लिए पानी की समस्याओं सहित स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुविधाओं की कमीं को लेकर क्षेत्रीय विधायकों द्वारा मुख्यमंत्री से लगातार मांग की जा रही थीं। इसके चलते शुक्रवार को बजट घोषणा में मुख्यमंत्री ने जिले के लोगों को कई सौगातें दी हैं। इनमें सैंपऊ क्षेत्र के 106 गांवों को चंबल लिफ्ट परियोजना से जोड़ा जाकर वहां चंबल का मीठा पानी पहुंचाया जाएगा। वहीं बाड़ी के उप जिला अस्पताल को 200 बेड में क्रमोन्नत किया जाएगा। वहीं सरमथुरा और बसेड़ी को आगामी वित्त वर्ष में नगर पालिका का दर्जा मिलेगा।
इसी तरह सरमथुरा के कारीतीर घाट पर चंबल लिफ्ट परियोजना बनने से बाड़ी और बसेड़ी के करीब 200 गांवों को पीने के लिए पानी मिल सकेगा। वहीं धौलपुर और राजाखेड़ा क्षेत्र को लिफ्ट का ओवरफ्लो पानी सिंचाई के लिए पर्याप्त मात्रा में मिल सकेगा। बड़ी बात है कि यह लिफ्ट परियोजना जब शुरू हो जाएगी तो पार्वती नदी में कभी सूखा नहीं होगा। एेसे में बसेड़ी से लेकर करीब राजाखेड़ा तक बने करीब 10 एनीकटों में पर्याप्त पानी रहने से जलस्तर भी बढ़ेगा। सरमथुरा मदनपुर पंचायत के कारीतीर गांव में 180 फीट ऊंचाई पर पानी लिफ्ट कर आंगई स्थित पार्वती बांध में डाला जाएगा। यहां से पानी पार्वती बांध, रामसागर बांध, उर्मिला सागर बांध एवं तालाबशाही तक पहुंचेगा।
सरमथुरा में खुलेगा काॅलेज, बसेड़ी में 100 व सरमथुरा में 50 बेड का होगा अस्पताल
आगामी वित्त वर्ष में सरमथुरा, बसेडी बनेगी नगरपालिका
बसेडी विधायक खिलाडीलाल बैरवा की अभिशंसा पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जिला में बसेडी विधानसभा को भी कई सौगात दी है। बजट संशोधन भाषण में मुख्यमंत्री ने आगामी वित्त वर्ष में बसेडी, सरमथुरा को नगरपालिका बनाने की घोषणा की है। वही सरमथुरा से झिरी तक 20 किमी सडक निर्माण कराने के लिए 10 करोड की राशि स्वीकृत की है। बसेडी, सरमथुरा अस्पतालो का विशेष ध्यान रखते हुए मुख्यमंत्री ने बसेडी में 100 व सरमथुरा में 50 बेड का अस्पताल सहित सरमथुरा में राजकीय काॅलेज इसी सत्र में खोलने की घोषणा की है।
सीएम की सभा में की थी काली तीर योजना की मांग
जिले में पेयजल समस्या को लेकर राजाखेड़ा विधायक रोहित बौहरा, बाड़ी विधायक गिर्राज मलिंगा और बसेड़ी विधायक खिलाड़ीलाल बैरवा द्वारा चंबल नदी से पार्वती डेम में पानी लाने की मांग की जा रही थी। ताकि जिले चारों विधानसभाओं के लोगों को लाभ मिल सके। जिसे लेकर उन्होने लोकसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सभा में मांग रखी थी।
बाड़ी कॉलेज पीजी में हुआ क्रमोन्नत, हॉस्पिटल 100 से 200 बेड में अपग्रेड
महाविद्यालय बाड़ी स्नातक से स्नातकोत्तर महाविद्यालय में क्रमोन्नत किया गया है। मलिंगा ने बताया कि छात्र छात्राओं को बाद स्नातकोत्तर करने के लिए जिला मुख्यालय जाना पड़ता था। विधानसभा में उठाई गई लगातार मांगों के चलते मुख्यमंत्री के द्वारा बाड़ी के गवर्नमेंट कॉलेज को स्नातकोत्तर में क्रमोन्नत किया गया है।
बाड़ी के कॉलेज में विज्ञान एवं गणित संकाय स्वीकृत
महाविद्यालय बाड़ी में विज्ञान एवं गणित संकाओं को स्वीकृत किए जाने से इन संकाओं के विद्यार्थियों को अन्यत्र नही जाना पड़ेगा। वे यहीं पर प्रवेश लेकर पढ़ाई जारी रख सकेंगे।
बसईनवाब में राजकीय कॉलेज को मंजूरी, विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
बसई नवाब में राजकीय महाविद्यालय स्वीकृत-पूर्व में उच्च शिक्षा प्राप्त करने हेतु नवाब बसई क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को धौलपुर या अन्यत्र महाविद्यालयों में प्रवेश लेने के लिए बाध्य होना पड़ता था। कई छात्र-छात्राएं तो पैसे के अभाव एवं दूरी की वजह से उच्च शिक्षा से वंचित रह जाते थे अब अन्यत्र भटकना नही पड़ेगा।
सैंपऊ के 44 गांवों के अलावा दूसरे फेज में 106 नए गांवों को मिलेगा चंबल का पानी
सैपऊ उपखंड मुख्यालय पर 44 गांव को चंबल का मीठा पानी उपलब्ध कराने के लिए वर्ष 2013 से निर्माणाधीन चम्बल-धौलपुर-भरतपुर वृहद पेयजल परियोजना फेज प्रथम पार्ट प्रथम व द्वितीय (44 ग्राम पेयजल परियोजना) के अन्तर्गत 106 नए गांवों को इससे जोड़ा जाएगा। यह कार्य इसी वर्ष में पूर्ण किया जाएगा। उक्त परियोजना कई वर्षों से अधूरी पड़ी हुई थी।
90-90 फीट की ऊंचाई पर दो स्तरों में लगेंगी दो मोटरें
सरकार ने कारीतीर चंबल लिफ्ट योजना पर ढाई सौ करोड रुपए खर्च होंगे जिसमें एक करोड रुपए की स्वीकृति देते हुए डीपीआर जारी की है। योजना के तहत कारीतीर में 90-90 फीट की ऊंचाई पर दो स्तरो में कुल 180 फीट पर चंबल नदी से पानी लिफ्ट करने के बाद पाइप लाइन के माध्यम से आंगई स्थित पार्वती बांध में डालने की योजना है। जिससे पार्वती नदी पर बने एनीकटों पर पानी की कमी नही आ सकेगी और आस पास का जलस्तर भी बढ़ेगा। जिससे बसेड़ी से राजाखेड़ा तक के लोगों को इसका लाभ मिल सकेगा।
सरमथुरा में कारीतीर घाट। (फाइल फोटो)
धौलपुर-राजाखेड़ा को मिलेगा सिंचाई के लिए पानी, बाड़ी, बसई नवाब और सैंपऊ को भी मिली सौगात
बसईनवाब अस्पताल 30 से 50 बेड में क्रमोन्नत, नहीं जाना पड़ेगा आगरा
पूर्व में बसई नवाब में 30 बेड का अस्पताल होने से क्षेत्र के हिसाब से न तो चिकित्सक थे न ही पर्याप्त बजट की उपलब्धता थी जिससे गंम्भीर बीमारियों के मरीजों को 50 किमी दूर आगरा या धौलपुर जाना पड़ता था ऐसी स्थिति में कई मरीज तो रास्ते में ही दम तोड़ देते थे। अब हाॅस्पीटल के क्रमोन्नत होने से क्षेत्र के अधिक से अधिक मरीज लाभान्वित होंगे।