- Hindi News
- National
- Dholpur News Rajasthan News 600 Policemen Will Handle The Arrangements In 22 Panchayat Elections
22 पंचायतों के चुनावों में 600 पुलिसकर्मी संभालेंगे व्यवस्था
पंचायत चुनाव 2020 के प्रथम चरण में प्राप्त एवं सुरक्षित अभिरक्षा में रखे नाम निर्देशन पत्रों वाली ग्राम पंचायतों की आम चुनाव प्रक्रिया को पूर्ण करने के लिए सैंपऊ पंचायत समिति की 22 ग्राम पंचायतों में 15 मार्च को सरपंच पद और 16 मार्च को उप सरपंच पदों पर शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सभी जरूरी तैयारी कर ली है। एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि जिला पुलिस एवं आरएसी के कुल 600 पुलिसकर्मियों को उक्त पंचायत चुनाव ड्यूटी में लगाया गया है। सैंपऊ पंचायत समिति की 22 ग्राम पंचायतों में होने वाले पंच-सरपंच के चुनाव में सुरक्षा व शांति व्यवस्था के लिए 600 पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। चुनाव के दाैरान सैंपऊ पंचायत समिति की 22 पंचायतों के 78 बूथों पर 156 पुलिसकर्मी, (प्रत्येक मतदान केंद्र पर 2) पुलिसकर्मी और 22 पंचायतों के कुल 24 पंचायत भवनों पर 120 पुलिसकर्मी (प्रत्येक पंचायत भवन पर 5 पुलिसकर्मी) तैनात रहेंगे। एक ग्राम पंचायत कनासिल में 3 मतदान केन्द्रों पर सरपंच एवं वार्ड पंच के लिए एक-एक ही नामांकन प्राप्त होने के कारण मतदान नहीं होगा। 11 मोबाइल पार्टियों में 33 पुलिसकर्मी पंचायतों में गश्त पर रहेंगे। इसके अलावा, 3 पुलिस सुपरवाईजरी अधिकारी पुलिस जाप्ता के साथ इलाकों में भ्रमण करेंगे और कहीं से भी गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर उच्चाधिकारियों व पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देंगे।
सैंपऊ की 22 ग्राम पंचायतों में सूखा दिवस घोषित
जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत राकेश कुमार जायसवाल ने बताया कि सैंपऊ की 22 ग्राम पंचायतों में मतदान को देखते हुए सूखा दिवस घोषित किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले की सैंपऊ पंचायत समिति की उपरोक्त 22 ग्राम पंचायतों के पांच किमी परिधि क्षेत्र में 13 मार्च को शाम 5 बजे से 15 मार्च को मतगणना समाप्ति तक सूखा दिवस घोषित किया गया है। इस दौरान मदिरा बिक्री, वितरण एवं संग्रह से संबंधित मद्यनिषेध नियमों व आदेशों, निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाएगा। वहीं, जिले की पंचायत समिति सैंपऊ की 22 ग्राम पंचायत 15 मार्च को जिला निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सरपंच एवं पंच पद के आम चुनाव कराए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत राकेश कुमार जायसवाल ने बताया कि पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचन क्षेत्रों में स्थित औद्यौगिक, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों को मतदान के दिन सवैतनिक अवकाश घोषित किया गया है।
पंचायत चुनाव-2020
मेरा गांवमेरी सरकार