- Hindi News
- National
- Dholpur News Rajasthan News Gurga Saheb Singh Of Lukka Gang Caught By Ravines
बीहड़ों से दबोचा लुक्का गैंग का गुर्गा साहब सिंह
सोशल मीडिया पर कुछ दिन पूर्व हथियारों से लैस डकैतों के वायरल वीडियो में बाड़ी विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा और कैबिनेट मंत्री रमेश मीणा के बारे में अभद्र भाषा का प्रयोग करने वाले बदमाश सीताराम गुर्जर व धर्मेन्द्र उर्फ लुक्का गिरोह के एक बदमाश को पुलिस ने बसईडांग इलाके में घेराबंदी कर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली है।
पकड़े गए बदमाश साहब सिंह उर्फ शब्बो पुत्र कप्तान सिंह गुर्जर निवासी खटाने का पुरा थाना सदर बाड़ी से पुलिस ने अन्य डकैतों की पकड़ के लिए पूछताछ शुरू कर दी है। एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि विगत दिनों विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा व कैबिनेट मंत्री रमेश मीणा के बारे में सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा का प्रयोग कर बदमाश सीताराम ने एक वीडियो वायरल किया था। जिसके बाद पुलिस लगातार इन बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए चंबल के बीहडों में सर्च अभियान चला रही थी। जिसके लिए उन्होंने स्वयं बीहडों में भारी पुलिस बल के साथ सर्च अभियान चलाया था और थाना प्रभारियों व सीओ को वायरल वीडियो में चिन्हित हुए बदमाशों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि बुधवार को बसईडांग थाना प्रभारी कैलाश गुर्जर मय पुलिस टीम हैड कानि. गिरीश, कानि. हंसराज, कानि. जितेन्द्र कुमार, कानि. सुरेन्द्र सिंह, कानि. मनोज कुमार को साथ लेकर भगतपुरा पहुंचे तो वहां मुखबिर से सूचना मिली कि गांव चिल्लीपुरा की तरफ से एक व्यक्ति भगतपुरा की ओर आ रहा है। जिसने नीले रंग की जीन्स व काली निली धारीदार टी-शर्ट पहन रखी है। उसके पास एक अवैध हथियार है। इस पर थानाधिकारी थाना बसईडांग मय पुलिस टीम के मुताबिक मुखबिर की सूचना पर भगतपुरा के लिए रवाना हुए तो पुलिया के पास एक व्यक्ति बताए हुए हुलिया का खड़ा दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने साहस और तत्परता से उस व्यक्ति को घेरा डाल कर पकड़ लिया।
पुलिस गिरफ्त में बदमाश।