- Hindi News
- National
- Badi News Rajasthan News The Collector Transported 3 Youths Injured In A Bike Accident To The Hospital
बाइकों की भिड़ंत में घायल हुए 3 युवकों को कलेक्टर ने अपनी गाड़ी से पहुंचाया अस्पताल
घायलों का उपचार करते चिकित्सक.
सैंपऊ| बुधवार देर शाम को बाड़ी सैंपऊ मार्ग पर गांव गूजर पुरा के पास दो बाइकों में आमने-सामने भिड़ंत होने से 3 लोग घायल हो गए। सड़क पर पड़े घायलों को देख रास्ते से गुजर रहे जिला कलेक्टर राकेश जायसवाल ने मानवता दिखाते हुए तीनों घायलों को स्वयं की गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैंपऊ पर पहुंचाया। इधर सूचना पाकर तहसीलदार गिरधर मीणा सहित थाना पुलिस भी हॉस्पिटल में पहुंच गई। चिकित्सा कर्मी भी कलेक्टर की गाड़ी से घायलों के अस्पताल आने की सूचना मिलने पर पूर्व से ही अलर्ट हो गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉक्टर चरणजीत सिंह चौहान एवं चिकित्सा कर्मियों के द्वारा तीनों घायलों का उपचार किया गया। जानकारी के मुताबिक सहरौली गांव निवासी कल्ला पुत्र रामवीर जाटव तथा उसका साथी अर्जुन पुत्र हरि चंद बाइक पर सवार होकर काकरेट निवासी अपने मामा की लड़की के लग्न समारोह में शरीक होने के लिए बाड़ी जा रहे थे। तभी बाड़ी की ओर से मुकेश पुत्र गोविंद ठाकुर निवासी सैंपऊ बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहा था। इसी बीच गूजरपुरा गांव के पास दोनों की बाइक में भिड़ंत हो गई।