- Hindi News
- National
- Dungarpur News Rajasthan News The Water Of Kadana Dam Will Now Reach The Villages Of Seemalwara Chikhali And Jhanthri
कडाणा बांध का पानी अब सीमलवाड़ा चिखली और झौंथरी के गांवों मंे पहुंचेगा
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को विधानसभा में कई घोषणाएं की। इसमें पेयजल परियोजनाएं, सड़कों का निर्माण, कॉलेजों की स्वीकृति, स्कूलों में नए संकाय आदि शामिल हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने बांसवाड़ा और डूंगरपुर जिले के विकास को लेकर कई विकास कार्य कराने की घोषणा की। इसमें सबसे महत्वपूर्ण घोषणा चौरासी विधानसभा क्ष्ेत्र के लिए की गई। यहां कडाणा बांध का पानी चिखली, सीमलवाड़ा और झौंथरी के गांवों में पेयजल उपलब्ध कराने के लिए डीपीआर बनाई जाएगी। इसके अलावा डूंगरपुर के पणियाला नाका महिपालपुर एनीकट के लिए 2 करोड़ स्वीकृति, चिखली के आंबाकुंआ बांध पाइप लाइन का सुदृढ़ीकरण, झौंथरी घोड़िया नाका नहर की मरम्मत की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कुपोषण की समस्या को ध्यान में रखते हुए उदयपुर संभाग के 4 जिले बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ और उदयपुर जिले में पायलट बेसिस पर इंदिरा गांधी मातृत्व पोषण योजना लागू होगी, इस योजना के तहत दूसरी संतान के जन्म पर उसकी माता को 6 हजार रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से दी जाएगी।
रेलवे के लिए मांगी विपक्ष से मदद: मुख्यमंत्री ने बांसवाड़ा डूंगरपुर रेल परियोजना का जिक्र तो विधानसभा में किया, लेकिन कोई घोषणा नहीं की। उन्होंने इस परियोजना के लिए विपक्ष से सहयोग मांगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेल प्रोजेक्ट पर मैं कह चुका हूं कि आप हमारी मदद करें। चाहे वो करोली का हो या टोंक का या फिर डूंगरपुर-बांसवाड़ा, भीलवाड़ा में मेमो कोच फैक्ट्री। आप सहयोग कर सकते हैं आपका प्रभाव भी है। नेता प्रतिपक्ष का तो सम्मान भी है और रुतबा भी। क्योंकि आपने तो जिंदगी खपाई है, आरएसएस के अंदर। हमें मालूम है आप सबके नेता हैं।