- Hindi News
- National
- Dungarpur News Rajasthan News Three Bike Ridden Youths Including Four Killed In Accidents In Dhanbola Bichiwada And Sagwara Regions
धंबोला, बिछ़ीवाड़ा और सागवाड़ा क्षेत्र में हादसों में बाइक सवार तीन युवकों सहित चार की मौत
होली के इस त्योहार में कुछ परिवारों में खुशियां मातम में बदल गई। सात मार्च से 11 मार्च के बीच सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई। वहीं एक दर्जन लोग घायल हो गए। ऐसे में परिवार में त्योहार को लेकर तैयारियां धरी की धरी रह गई। होलिका दहन व धुलंडी के दिन धंबोला थाना क्षेत्र के डूंगरपुर-पीठ मार्ग पर सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। वहीं बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में कंटेनर की चपेट ने युवक की मौत हो गई। सागवाड़ा थाना क्षेत्र में हुई दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। सड़क दुर्घटना के तीन मामलों में मृतक बाइक पर सवार थे।
पहला हादसा : परिवार के संग होली मनाने एक दिन पहले घर लौटा था युवक, तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से मौत : पीठ/सीमलवाड़ा। परिवार के संग होली मनाने के इरादे से अहमदाबाद से अपने गांव आए युवक की दूसरे दिन सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसा पीठ-सीमलवाड़ा मार्ग पर 9 मार्च को दोपहर के समय हुई। युवक के गंभीर घायल होने पर परिजन मोड़ासा ले गए। यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। दरअसल, पीठ निवासी रमेश (45) पुत्र कोयाराम प्रजापत अहमदाबाद के होटल में काम कर अपना परिवार का गुजर बसर चला रहा था। 8 मार्च को वह अपने गांव लौटा था। 9 मार्च को युवक अपने रिश्तेदारों को मिलने के लिए मोटरसाइकिल से सीमलवाड़ा व लिखी पहुंचा था। इसके बाद वापस पीठ लौटते समय पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार पर दोनों युवक घायल हो गए। इस पर तुरंत अस्पताल ले जाया गया। यहां से परिजन मोड़ासा ले गए। यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
तीन बच्चों के सिर से उठ गया पिता का साया : मृतक रमेश प्रजापत की मौत के बाद उस पर आश्रित तीन बच्चों पर से पिता का साया उठ गया। एक माह पहले ही रमेश ने अपने एक बेटे और बेटी की शादी धूमधाम से सीमलवाड़ा कस्बे में करवाई थी। दोनों बेटा-बेटी की शादी के बाद पहली होली के कारण खुशी-खुशी अहमदाबाद से घर लौटा था। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मृतक को सिर पर गंभीर चोंट आई थी।
धंबोला-पीठ मार्ग पर आए दिन हो रहे हादसे, स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग : धंबोला से पीठ मार्ग पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। 15 दिन पहले सड़क पार करते समय होटल व्यवसायी को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी थी। इससे होटल व्यवसायी रमेश कलाल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। ग्रामीणों ने धंबोला से पीठ मार्ग पर कुछ जगहों पर स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है। तहसील चौराहा के पास ब्रेकर लगाने की पीडब्ल्यूडी विभाग से की है।
तीसरा हादसा: तेज रफ्तार बाइक ने राहगीर को मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत
करावाड़ा। धंबोला थाना क्षेत्र के बिलपन गांव में किराना का सामान लेने जा रहे राहगीर को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। इससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान मौत हो गई। करावाडा पुलिस चौकी प्रभारी लक्ष्मण सिंह ने बताया की सोमा पुत्र रामा डामोर सोमवार शाम को अपने भाई हक्सी डामोर के साथ बिलपन से किराणा का सामान लेने जा रहा था। इस दौरान घोड़ाखरा से पोहरी पटेलाण की तरफ तेज गति से आ रही बाइक ने सोमा को टक्कर मार दी। इससे वह गिर गया। सिर पर चोंट लगी। 108 एंबुलेंस की मदद से डंूगरपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। यहां इलाज के दौरान मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सुपुर्द किया।
दूसरा हादसा: कंटेनर एक किमी दूर तक घसीटते हुए ले गया बाइक को, युवक की दर्दनाक मौत
बिछीवाड़ा. नेशनल हाइवे पर पर हीडवाघाटी ओवर ब्रिज के पास कंटेनर के चपेट में आने से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। एक युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। दरअसल, बाइक सवार युवक उदयपुर की तरफ से आ रहे बंद बाडी कंटेनर की चपेट में आ गए। इससे जवास जोथरी उदयपुर जिला निवासी बंशीलाल पुत्र दिनेश डामोर की घटनास्थल पर दर्दनाक मौत हो गई। बाइक पर सवार राहुल पुत्र प्रकाश खराड़ी गंभीर रूप से घायल हो गया जानकारी के अनुसार बाइक कंटेनर में फंस गई। कंटेनर चालक बाइक को एक किलोमीटर दूर बरौठी बस स्टैंड तक घसीटते हुए ले गया। घटना के बाद चालक कंटेनर को लेकर भाग गया। ग्रामीणों ने कंटेनर का पीछा किया। पुलिस को दुर्घटना की जानकारी दी। पुलिस में कंटेनर चालक को पकडऩे के लिए नाकाबंदी की, लेकिन कंटेनर का पता नहीं चल पाया। हेड कांस्टेबल मदनलाल घटनास्थल पर पहुंचे। घायल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने अज्ञात कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है।
पीठ। दुर्घटना के बाद मौके पर पड़ी बाइक।
मृतक रमेश प्रजापत