- Hindi News
- National
- Dungarpur News Rajasthan News Truck Collided With Electric Pole Driver Was Drunk
बिजली के खंभे से टकराकर पलटा ट्रक, नशे में था चालक
शहर के नवाडेरा रोड पर शनिवार रात करीब 9 बजे सीमेंट से भरा ट्रोला अनियंत्रित हो गया और 33 केवी व 11 केवी लाइन के खंभे को टक्कर मार दी। इससे ट्रोला अनियंत्रित होकर तारों से उलझते हुए पलट गया। इससे एक महिला घायल हो गई। हादसे के बाद से शहर की बिजली बंद हो गई। दरअसल, सिंटेक्स की तरफ से ट्रोला तहसील चौराहा की तरफ आ रहा था। इस दौरान मोड़ पर रफ्तार तेज होने के कारण ट्रोला अनियंत्रित होकर पोल से टकरा गया। इसके बाद तारों से उलझ कर पलटते हुए दुकानों के पास जा गिरा। इससे 33 केवी लाइन से चिंगारी निकलते हुए धमाके की आवाज आई। इससे आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि इस दौरान एक महिला के हाथ पर चोंट आई है। जिसे 108 एंबुलेंस की मदद से डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। ट्रोला के पलटने से उसके शीशे फूट गए।
सूचना मिलने पर थानाधिकारी चांदमल सिंगारिया, पुलिस कर्मी बंशीलाल पाटीदार, योगेंद्र सिंह, हिम्मत सिंह, जगदीश ने मौके पर पहुंच कर भीड़ को हटाया। पुलिस ने सिंटेक्स के पास टीम को भेजकर नवाडेरा की तरफ जाने वाले एक मार्ग को बंद कर वाहनों को बायपास से शहर में जाने के लिए कहा। 33 केवी व 11 केवी लाइन का पोल टूटने से शहर का सर्किट सिस्टम खराब हो गया। इससे शहर की बिजली बंद हो गई। एवीवीएनएल के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। बिजली व्यवस्था को ठीक करने में जुट गए। लोगों ने बताया कि ट्रोले का चालक शराब के नशे में था। हालांकि पुलिस द्वारा इसकी पुष्टी नहीं की गई है। पुलिस चालक को मेडिकल और जांच के लिए अस्पताल ले गई।
डूंगरपुर. शहर के नवाडेरा रोड पर शनिवार रात 9 बजे पलटा ट्रोला और सड़क पर टूटे हुए बिजली के तार।