- Hindi News
- National
- Gangapur News Rajasthan News Alert About Corona Yet Doctors Are Not Reaching Hospital On Time
कोरोना को लेकर अलर्ट, फिर भी डॉक्टर समय पर नहीं पहुंच रहे हाॅस्पिटल
एक तरफ कोरोना को लेकर पूरा स्वास्थ विभाग अलर्ट पर है लेकिन सामान्य चिकित्सालय में चिकित्सकों का ढर्रा सुधरने का नाम नहीं ले रहा है। चिकित्सकों के अवकाश पर सरकार की रोक है और सरकार ने चिकित्सा विभाग के कार्मिकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दे रखे हैं इसके बावजूद अस्पताल में चिकित्सक समय पर ही नहीं पहुंच रहे हैं। सहज ही समझा जा सकता है कि सरकार के आदेश और कोरोना के खतरे को चिकित्सक कितनी गंभीरता से ले रहे हैं।
चिकित्सा कार्मिकों के अवकाश पर लगाई रोक
अनुपस्थित मिले तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी
सामान्य चिकित्सालय में चिकित्सक लेट आ रहे है तो अचानक अस्पताल का निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अगर चिकित्सक अनुपस्थित मिले तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-बिजेन्द्र कुमार मीना एसडीएम
समय पर आने के लिए पाबंद किया जाएगा
समय पर चिकित्सक नहीं आ रहे है। इसके लिए उन्हें समय पर आने के लिए पाबंद किया जाएगा।
-डॉ. दिनेश कुमार गुप्ता, पीएमओ
31 में से 20 डॉक्टर मौजूद
सामान्य चिकित्सालय में 31 चिकित्सक है। लेकिन गुरुवार को सुबह डॉक्टरों के उपस्थिति रजिस्टर में 20 ही चिकित्सकों के हस्ताक्षर थे। शेष चिकित्सकों के कॉलम खाली थे। पीएमओ स्वंय टेलीफोन करके चिकित्सकों से खाली कॉलम पर हस्ताक्षर करा रहा था। जब पीएमओ से लेटलतीफ के बारे में पूछा तो उनका जबाव नहीं निकला। वही साढ़े ग्यारह बजे भी कई चिकित्सक कक्ष छोड़ कर घर निकल गए। जिससे मरीज चिकित्सकों के इंतजार करते
नजर आए।
सिर्फ एक चिकित्सक आया समय पर, पीएमओ भी लेट
उपखंड के सबसे बड़े और 200 बेड के राजकीय सामान्य चिकित्सालय में गुरुवार को मात्र एक ही चिकित्सक नरेन्द्र सिंह समय पर आए। शेष चिकित्सक समय पर नहीं पहुंचे। व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए जिम्मेदार खुद पीएमओ डॉ. दिनेश कुमार गुप्ता भी समय पर अस्पताल नहीं पहुंचे। मरीज चिकित्सालय खुलने के समय 9 बजे से पहले ही लाइनों में लगे हुए थे। लेकिन अस्पताल का मुख्य द्वार भी 8 बजकर 55 मिनट पर खुला था। कुल मिलकर सामान्य चिकित्सालय में अस्पताल में अव्यवस्थाएं हावी दिखी।
हाजिर करने के बाद भी कक्ष खाली : डॉक्टर आने के बाद अपनी हाजरी दर्ज कर इधर-उधर बैठकर समय पास करते रहते है। कोई मरीज चिकित्सक से शिकायत करता है तो उनका जबाव यह होता है कि अभी भर्ती मरीजों को देखने के बाद ही आउटडोर में मरीज देखेंगे।
विश्वभर में कोरोना वायरल के संक्रमण के मद्देनजर चिकित्सा विभाग द्वारा एहतियात के तौर पर चिकित्सा सेवाओं से जुड़े कर्मियों के अवकाश पर जिले भर में रोक लगा दी गई है। सीएमएचओ डॉ. तेजराम मीना ने बताया कि प्रदेश में मौसमी बीमारियों के नियंत्रण, रोकथाम और कोरोना वायरस की रोकथाम के मुद्देनजर डॉक्टरों, नर्सिग और पैरामेडिकल स्टॉफ के अवकाश पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगा दी गई। इसके साथ ही जो डॉक्टर,नर्सिग या पैरामेडिकल स्टॉफ जो पूर्व में अवकाश पर चल रहे है उनके अवकाश पर भी रोक लगा दी गई। यदि किसी कार्मिक को अपरिहार्य कारणों से अवकाश पर रहना आवश्यक हो तो राज्य सरकार या निदेशालय से स्वीकृति लेकर ही अवकाश स्वीकृत किया जाए।
गंगापुर सिटी| सामान्य चिकित्सालय में चिकित्सकों के आने का इंतजार करते मरीज व उनके परिजन।