- Hindi News
- National
- Gangapur News Rajasthan News Awe Of Corona School College And Coaching Center Closed Till 30
कोरोना का खौफ : स्कूल-कॉलेज और कोचिंग सेंटर 30 तक बंद
कोरोना का खौफ बढ़ता जा रहा है। सरकार इसके लिए गंभीर कदम उठा रही है। विश्व स्वास्थ्य संगठन तथा संयुक्त राष्ट्र द्वारा कोराना संक्रमण को महामारी घोषित करने तथा केन्द्र में प्रधानमंत्री मोदी के द्वारा एडवाइजरी जारी करने के बाद प्रदेश में भी सरकार ने स्कूल, कॉलेज व कोचिंग सेंटरों काे 30 मार्च तक बंद रखने की घोषणा की है। कोरोना संक्रमण की समीक्षा बैठक के बाद शुक्रवार देर रात इस संबंध में आदेश जारी किए गए। देर रात आदेश जारी होने के कारण दूसरे दिन सुबह तक आदेशों की जानकारी स्पष्ट नहीं थी, जिसके कारण सभी असमंजस की स्थिति में थे। आदेशों की स्पष्ट जानकारी नहीं होने पर स्कूलों में सुबह की पारी संचालित रही, लेकिन दोपहर बाद आदेश आने पर स्थिति स्पष्ट हो गई।
दोपहर बाद डायरेक्टर के आदेश मिलने के बाद स्कूल शिक्षा परिवार की बैठक हुई जिसमें डायरेक्टर के आदेशों का हवाला दिया गया, वहीं सीबीईओ द्वारा भी सरकारी व निजी स्कूल संचालकों को आदेशों की जानकारी दी, इस पर सरकारी व निजी शिक्षण संस्थान, कोचिंग सेंटर, मदरसे और कॉलेज सहित सभी प्रकार के शिक्षण संस्थानों में 30 मार्च तक बंद का निर्णय लिया।
पूर्व कार्यक्रम के अनुसार ही होंगी बोर्ड परीक्षाएं
सीबीईओ महेशचंद ने बताया कि वर्तमान में चल रही कक्षा 5, 8 के अलावा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यथावत संचालित होंगी, जबकि गैर सरकारी विद्यालयों की बोर्ड के अलावा सभी परीक्षाएं 30 मार्च के बाद होंगी। इस अवधि के दौरान संस्थाप्रधान एवं स्टाफ आवश्यक ऐहतियात बरतते हुए विद्यालय में उपस्थित रहकर बोर्ड संबंधी एवं शाला संबंधित आवश्यक कार्य संपादित करेंगे।