आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चों को खिलाया दलिया
मित्रपुरा|कस्बे के नजदीकी उदगांव पंचायत में शुक्रवार को कलेक्टर की पोषण मुहिम के तहत सरपंच विनोद राणा ने आंगनबाड़ी केंद्र पर छोटे बच्चों को दलिया खिलाया। साथ ही उन्होंने अन्य लोगों से भी इस मुहिम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया। इस मौके पर सचिव कन्हैयालाल सेन, कैलाश चन्द ढोली सहित कई लोग मौजूद थे।
एक शाम पुलिस के नाम कार्यक्रम की तैयारी पर चर्चा
गंगापुर सिटी| कुशाल गढ़ क्लब की एक बैठक का आयोजन चौपड़ स्थित कार्यालय पर किया गया जिसमें 15 मार्च को होने वाले कार्यक्रम एक शाम पुलिस वालों के नाम पर चर्चा की गई। मीडिया प्रभारी पुरुषोत्तम प्रजापत ने बताया कि मीटिंग में सदस्यों को अपनी अपनी जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में सवाई माधोपुर जिले के पुलिस कर्मियों का सम्मान किया जाएगा साथ ही अंतरराष्ट्रीय शांति वक्ता प्रेम रावत के शांति संदेश भी सुनाया जाएगा।
रेलवे मजदूर संघ के मंडल उप सचिव आज गंगापुर में
गंगापुर सिटी| वेस्ट सेन्ट्रल रेलवे मजदूर संघ के मंडल सचिव अब्दुल खालिक शनिवार को अवध एक्सप्रेस से गंगापुर सिटी आएंगे। संघ के मंडल उप सचिव डी.के. शर्मा ने बताया कि अब्दुल खालिक का अवध एक्सप्रेस से उतरने के बाद रेलवे स्टेशन पर स्वागत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बाद में खालिक संघ की तीनों शाखाओं की बैठक लेंगे।
अग्रवाल पेंशनर्स समिति का होली मिलन समारोह आज
गंगापुर सिटी| अग्रवाल पेंशनर्स समिति की बैठक 14 मार्च को अग्रवाल धर्मशाला में दोपहर 2 बजे आयोजित की जाएगी। समिति महामंत्री डॉ. अशोक गुप्ता ने बताया कि इस मौके पर पेंशनर्स का होली मिलन समारोह भी आयोजित किया जाएगा जिसमें फूलों से होली खेली जाएगी साथ ही आगामी कार्य योजना पर चर्चा की जाएगी।
कस्बे में आज मचेगी रंगों की धमाल
बामनवास| कस्बे में रंगपंचमी हंडूकडी का त्योहार परंपरागत हर्ष और उल्लास से मनाया जाएगा। पट्टी कलां और पट्टी खुर्द ग्राम पंचायतों में कुश्ती दंगल का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए नामी गिरामी पहलवानों को आमंत्रित किया गया है। विजेता पहलवान को मौके पर ही पुरस्कार की राशि प्रदान की जाएगी।
ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर्स एसोसिएशन ने हर्ष जताया
गंगापुर सिटी| ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने रेलवे 5400 सौ पे ग्रेड मिलने पर शुक्रवार सुबह वीआईपी रूम में केक काटकर खुशी का इजहार किया।
इस दौरान स्टेशन अधीक्षक छुट्टन लाल मीना ने सभी को बधाई दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्टेशन प्रबंधक ने की। मुख्य अतिथि जोनल अध्यक्ष हेमराज मीना, मंडल उपाध्यक्ष सुनील जेठवानी थे। इस दौरान बैठक में संरक्षा से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। उन्होंने बैठक में मांग की कि लगातार सात रात ड्यूटी बंद कर दो रात्रि की ड्यूटी का शिड्यूल लागू किया जाए, नान इन्टरलाक्ड गेट पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सहायक नियम 12 व 13 को लागू किया जाए और स्टेशन मास्टर को तनाव भत्ता दिया जाए। कार्यक्रम में पीपी अग्रवाल, भंवर सिंह मीना, अशोक गुप्ता, महेश मीना, रामकेश मीना, रामगोपाल शर्मा, अजीज खान, के.एल. मीना, नमोनारायण मीना, बत्ती लाल मीना, शिवचरण मीना, हरिप्रसाद मीना, बिजेंद्र मीना, राम लाल मीना, गोपाल सिंह वर्मा, मलखान सिंह, मुरारी लाल मीना, दिनेश चंद मीना, विजय सिंह मीना आदि मौजूद थे।
गंगापुरसिटी में होगा जनप्रतिनिधियों का सम्मान
सवाई माधोपुर|गंगापुरसिटी में सावित्री बाई व महात्मा ज्यातिबा फुले सेवा समिति के तत्वावधान में होने जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह के लिए के समिति की ओर से यहां लोगों को आमंत्रण पत्र व पीले चावल दिए। समिति के हरिचरण सैनी ने बताया कि सवाईमाधोपुर सैनी समाज के जिलाध्यक्ष सचिन सैनी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम में नवनिर्वाचित सरपंच, पंचों का सम्मान व होली मिलन समारोह मनाया जाएगा। कार्यक्रम गंगापुरसिटी सूरसागर स्थित सैनी समाज की धर्मशाला में होगा। पदाधिकारी ने यहां जिलाध्यक्ष को आमंत्रण दिया।
मित्रपुरा|आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चों को दलिया खिलाते सरपंच।