दूसरे दिन भी छाया कोहरा, कई ट्रेनें लेट
गंगापुर व वजीरपुर उपखंड मुख्यालय व तलावड़ा सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में दूसरे दिन भी सुबह देर तक घना कोहरा छाया। रविवार को सुबह सुबह 8:30 बजे तक लोगों को थोड़ी दूर पर भी दिखाई नहीं दे रहा था। वाहन चालकों को भी परेशानी हुई और उन्हें दिखाई नहीं देने पर लाइट जलानी पड़ी। मार्च का एक सप्ताह बीत गया और मार्च में कोहरा छाया रहने से लोग भी अचंभित हैं। वर्षों बाद मार्च के महीने में कोहरा छाया है। कोहरे के साथ सर्द हवाएं चलने व तापमान में गिरावट से लोगों को जनवरी की सर्दी का एहसास होने लगा। साथ ही आमजन जीवन प्रभावित हुआ। ट्रेनों के संचालन पर भी असर दिखाई दिया और रविवार को अधिकांश ट्रेनें विलंब से चली। पटना से कोटा की ओर जाने वाली पटना-कोटा एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से पांच घंटे देरी से आई। पटना कोटा अपने निर्धारित समय सुबह दस बजे के स्थान पर दोपहर तीन बजे यहां रेलवे स्टेशन पर पहुंची। क्षेत्र में पिछले 2-3 दिनों से मौसम का मिजाज पूरी तरह से बिगड़ गया। किसान भी मौसम बिगड़ने से चिंतित हैं। किसानों का कहना है हर साल जब फसल तैयार होती है तभी मौसम बिगड़ता है और तेज हवा, अधंड, बारिश और प्राकृतिक आपदा आ जाती है जिससे खेतों में खड़ी फसलें तबाह होती है और किसानों को नुकसान उठाना पड़ता है।