- Hindi News
- National
- Gangapur News Rajasthan News Stray Dogs Injuring Passers By Fear Among People
राहगीरों को जख्मी कर रहे आवारा कुत्ते, लोगों में भय
शहर की सड़कें हो या गली-मोहल्ले या मुख्य सड़क। इन दिनों शहर में श्वानों की संख्या लगातार बढ़ रही है। राहगीर और वाहन चालक सहित लोग श्वानों के काटने से खौफजदा हैं।
हालत यह है कि रात के अंधेरे में शहर के कई इलाकों से लोगों का गुजरना भी मुश्किल है। इन इलाकों में अनजान व्यक्ति चला भी जाए तो श्वानों का झुंड उसे घेर लेता है। लोगों के अनुसार श्वानों की समस्या से निवारण के लिए नगर परिषद के प्रयासों की आवश्यकता है।
2 माह 8 दिन में 215 मामले
शहर में आवारा श्वानों के काटने के मामलों में पिछले कुछ समय से इजाफा हो रहा है। एक जनवरी 2020 से लेकर 8 मार्च 2020 तक 215 लोग श्वानों के काटने के बाद राजकीय सामान्य चिकित्सालय में एंटी रे बीज वेक्सिन का इंजेक्शन लगवा चुके हंै।
वाहनों के पीछे भागने से हादसे की आशंका
शहर के कई इलाकों में रात्रि में आवारा श्वान वाहनों को देखते ही उनके पीछे भागते हैं। कुत्तों से बचने के लिए कई दुपहिया वाहन चालक तेज रफ्तार से चलाकर भागने का प्रयास करते हैं इस दौरान कई बार वे दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। वहीं चौपहिया वाहनों के पीछे भागने के दौरान वाहन चालक का ध्यान भटकने से हादसे की आशंका बनी रहती है।
इन क्षेत्रों में अधिक है श्वानों का उपद्रव
शहर के फव्वारा चौक, बिजली निगम कार्यालय के बाहर, तहसील के सामने, नहर रोड, इस्लामपुरा, कसाई मोहल्ला, नया बाजार, संतोषी माता सड़क मार्ग, सूरसागर, संजय कॉलोनी, चूलीगेट, सिंधी कॉलोनी, चौथ माता बाजार, महेश टाकीज़ सहित कई गली-मोहल्लों में श्वानों के झुंड राहगीरों की राह मुश्किल कर रहे हंै। कई लोगो को काटने से लोगों में भय व्याप्त।
प्रशासनिक स्तर पर हों प्रयास
आवारा कुत्तों के हमलों से चोटिल हुए लोगों सहित शहरवासियों ने बताया कि शहर में बढ़ रहे श्वानों की संख्या को लेकर नगर परिषद द्वारा समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया जाना चाहिए। साथ ही श्वानों को जंगलों में छोड़ने, नसबंदी सहित प्रयासों की आवश्यकता है। जिससे लोगों को जल्द ही इस समस्या से निजात मिल सके।