- Hindi News
- National
- Nohar News Rajasthan News 20 Opium Plants Were Planted Among Vegetable Plants In The House Police Raided Accused Absconding
घर में सब्जी के पौधों के बीच लगा रखे थे अफीम के 20 पौधे, पुलिस ने छापा मारा, आरोपी फरार
इधर, किराड़ाबड़ा गांव में 2 किलो अफीम बरामद, एक गिरफ्तार मणीपुर से पंचायत चुनावों में लाया था, अब बेचने जा रहा था
अपने घर में अवैध रूप से अफीम की खेती करने का नोहर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस संबंध में नोहर निवासी एक जने के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी सतवीर मीणा ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार बाइपास स्थित कस्बे के वार्ड 2 में सोनू पुत्र भवानीसिंह राजपूत निवासी नोहर के रिहायशी मकान पर छापा मारा गया। इस दौरान मकान से 20 अफीम के पौधे बरामद किए गए। छापे की कार्यवाही के दौरान घर पर कोई नहीं था। पुलिस ने सोनू राजपूत के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। मामले की जांच खुइयां थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद को सौंपी गई है। कार्रवाई के दौरान हैड कांस्टेबल करणीसिंह, कांस्टेबल रोशनलाल, काशीराम, महिला कांस्टेबल संतोष शामिल थे। बताया जाता है कि पुलिस ने जो अफीम के पौधे बरामद किए हैं उनका वजन करीब 3 किलो है। आरोपी इतना शातिर था कि उसने घर में सब्जी के पौधों के बीच में अफीम के पौधे लगाए थे ताकि किसी को भी इसकी भनक न लगे। इसके अलावा अफीम के पौधों के आगे पराली के बंडल लगाए गए थे। छापे की कार्यवाही के दौरान पुलिस ने बीसीएमओ डॉ. प्रदीप कड़वासरा को मौके पर बुलाकर तस्दीक करवाई। थाना प्रभारी सतवीर मीणा ने बताया कि अनेक पौधों के चीरा लगा हुआ है, जिससे जाहिर होता है कि कुछ पौधों को काटकर उनकी अफीम निकाली गई है। प्रतिबंधित अफीम की खेती करने का यह क्षेत्र का पहला मामला है, जो दिनभर कस्बे में चर्चा का विषय बना रहा। पुलिस ने फरार आरोपी सोनू राजपूत की तलाश तेज कर दी है।
भादरा|भादरा पुलिस ने मंगलवार रात किराड़ाबड़ा गांव में एक अधेड़ व्यक्ति के कब्जे से 2 किलो अफीम बरामद की। आरोपी मणीपुर में परचून की दुकान करता है और पंचायतीराज चुनावों के दौरान यह अफीम मणीपुर से यहां बेचने के लिए लाया था। आरोपी काफी दिनों से इस अफीम को बेचने की फिराक में था कि अचानक मंगलवार को गश्त के दौरान भादरा पुलिस के अफीम सहित हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भादरा थानाप्रभारी पुष्पेन्द्र झाझडिय़ा ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब साढ़े चार बजे पुलिस टीम के साथ गश्त करते हुए वे किराड़ाबड़ा गोशाला के पास डूंगराना-भाडी मोड़ पर पहुंचे तो वहां एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में बैठा था। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो वह घबराकर भागने लगा तभी पुलिस उसे काबू कर पूछताछ की तो उसने अपना नाम विजय कुमार उर्फ बजरंगलाल पुत्र पूनमचंद ब्राह्मण निवासी किराड़ाबड़ा होना बताया। पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास चार अलग-अलग पैकेटों में 2 किलो अफीम मिली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आगे पराली, पीछे अफीम के पौधे..पुलिस जब घर में मौके पर पहुंची तो आरोपी के घर में पराली पड़ी
थी लेकिन इसके पीछे ही अफीम के पौधे लगा रखे थे, पुलिस भी यह देखकर चौंक गई।