पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Rawatsar News Rajasthan News 4950 Jan Aadhaar Cards Arrived In Rawatsar 400 Distributed If Not Delivery In 3 Days E Mitra Operator Said Server Stopped

रावतसर में 4950 जन आधार कार्ड आए, 400 बांटे, 3 दिन में वितरण नहीं तो कार्रवाई, ई-मित्र संचालक बोले-सर्वर ही ठप

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फाइल फोटो

सरकारी सुविधाओं में काम आने वाले जन आधार कार्ड वितरण को लेकर पशोपेश की स्थिति बनी हुई है। दरअसल, पंचायत समिति में 4950 जनाधार कार्ड बनकर पहुंच चुके हैं। बड़ी बात ये है कि पंचायत समिति आईटी विभाग ने ये जन आधार कार्ड ई-मित्र संचालकों को वितरण करने के लिए दे दिए हैं लेकिन मात्र 400 के लगभग जन आधार कार्ड का ही अब तक वितरण हुआ है। अब अधिकारियों ने तीन दिन में शत प्रतिशत वितरण नहीं करने वाले ई-मित्र के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जबकि ई-मित्र संचालकों का कहना है कि 3 दिन से सर्वर बंद होने से इनका वितरण नहीं हो सका। बड़ी बात ये है कि एक पंचायत में केवल एक ही ई-मित्रा को जनाधार कार्ड वितरण का कार्य सौंपा गया है। कुछ पंचायतों में तो 5 से 6 गांव तक आते हैं, जिससे मात्र 3 दिन में जनआधार कार्ड का वितरण कैसे किया जाए इसको लेकर अजीब स्थिति बनी हुई है। शुक्रवार को तहसीलदार किस्तुरीलाल जस्सल, विकास अधिकारी राजेंद्र जोईया, प्रोग्रामर आशीष सियाग, सांख्यिकी अधिकारी सरोज मूड व ईओ पवन चौधरी के नेतृत्व में रावतसर तहसील क्षेत्र के समस्त शहरी व ग्रामीण ईमित्र संचालकों की बैठक राजीव गांधी अटल सेवा केंद्र में हुई। इसमें सोमवार तक शत प्रतिशत जन आधार कार्ड वितरण करने का निर्देश दिए गए। बताया कि अगर कोई ई-मित्र धारक जन आधार कार्ड का वितरण नहीं करता है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्यवाही की जाएगी। विकास अधिकारी राजेंद्र जोइया ने ईमित्र संचालकों को किसी भी स्थिति में जल्द से जल्द जन आधार कार्ड के वितरण के निर्देश दिए।

जिनके भामाशाह थे, उन सभी के अपने आप ही बन गए जन आधार कार्ड


सरकार बदलते ही पूर्ववर्ती सरकार की ओर से जारी भामाशाह कार्ड को बंद करते हुए जन आधार कार्ड बनाया गया है। विभिन्न योजनाओं को जनाधार कार्ड से जोड़ने के कारण सरकारी निर्देशानुसार प्रत्येक भामाशाह कार्ड धारक का स्वत: ही जन आधार कार्ड बन चुका है।


अधिकारियों ने बैठक लेकर दिए सख्ताई से पालन करने के निर्देश: ई-मित्र संचालकों को ये आ रही 5 बड़ी समस्याएं

1. अधिकतर लोग जन आधार कार्ड पूर्व में ही डाउनलोड कर प्राप्त कर चुके हैं। क्योंकि विभिन्न सरकारी योजनाओं में आवेदन करते समय जन आधार कार्ड जरूरी होने के चलते आमजन ने दो महीने पहले ही ई मित्र संचालकों से ई-जन आधार कार्ड निकलवा लिए हैं। इसके चलते जन आधार कार्ड लेने के लिए ईमित्र पर नहीं आ रहे हैं।

2. जन आधार कार्ड लेने 18 वर्ष से कम आयु के सदस्य आता है तो बायोमैट्रिक्स पर उसका अंगूठा स्केन नहीं होता, जिससे उसे जन आधार कार्ड नहीं दिया जा सकता। आधार सर्वर डाउन होने के चलते उनके मोबाइल पर ओटीपी भी नहीं आ रहा। इससे जनाधार कार्डों का वितरण ई-मित्र संचालकों के लिए दुविधा बन गया है।

3. जन आधार कार्ड में भामाशाह कार्ड बनाते समय जो मोबाइल नंबर अपलोड किया गया था वही दर्शा रहे हैं। काफी संख्या में वह मोबाइल नंबर बंद भी हो चुके हैं या बदल चुके हैं। इससे उन्हें कार्ड धारक को सूचना देने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

4. सर्वर ठप होने की समस्या के चलते पिछले 3 दिनों से अधिकांश कार्ड धारकों को खाली हाथ वापस जाना पड़ा है जिससे आगामी 3 दिनों में शत प्रतिशत जन आधार कार्ड का वितरण संभव नहीं है।

5. एक पंचायत में केवल एक ही ई-मित्रा को जनाधार कार्ड वितरण का कार्य सौंपा गया है। कुछ पंचायतों में तो 5 से 6 गांव तक आते हैं जिससे मात्र 3 दिन में जन आधार कार्ड का वितरण कैसे किया जाए।

नए बनाने के लिए ये है प्रक्रिया: नए जन आधार कार्ड बनवाने के लिए पूरे परिवार को ई-मित्र पर जाना होगा। वहां आधार कार्ड दिखाने होंगे। फोटो करवाने के बाद उनके जन आधार कार्ड बनेंगे।

जिनके पहुंचे उन्हें यूं मिलेंगे: ऐसे लोगों के मैसेज उनके मोबाइल नंबर पर पहुंच रहे हैं। जिसमें संबंधित ई-मित्र की जानकारी है। यहां बायो मैट्रिक्स या फिर ओटीपी से यह कार्ड मिलेगा।

यूं समझें भामाशाह और जन आधार कार्ड को

पिछले तीन दिन से आधार कार्ड सर्वर डाउन होने के चलते जन आधार कार्ड का वितरण नहीं किया जा सका। ई-मित्र संचालकों को निर्देश दिए हैं कि ऑनलाइन दर्ज होने पर ही जन आधार कार्ड वितरण करना है। राज्य सरकार के निर्देशानुसार एक भी कार्ड ऑफलाइन वितरण नहीं करना है। सभी कार्ड धारकों के मोबाइल पर जन आधार कार्ड प्राप्त करने के लिए संबंधित ई मित्रा के नंबर सहित मैसेज कर दिया है।
आशीष सियाग, प्रोग्रामर, आईटी विभाग, पंचायत समिति, रावतसर

सर्वर नहीं चलने व आमजन द्वारा जन आधार कार्ड प्राप्त करने में उदासीनता के चलते तीन दिन में जन आधार कार्ड का वितरण संभव नहीं है क्योंकि अधिकांश लोगों ने पूर्व में ई-कार्ड डाउनलोड कर लिए हैं, फिर भी ई मित्र संचालक वितरण की कोशिश करेंगे मगर इसके बाद भी विभागीय कार्रवाई की जाती है तो ई-मित्र यूनियन अपनी रणनीति बनाएगा।
बलविन्द्र नैण, अध्यक्ष, ई मित्र संघ, रावतसर
खबरें और भी हैं...