- Hindi News
- National
- Hanumangarh News Rajasthan News 8500 Fruit Plants Distributed As Guru Prasad On The 550th Prakash Parv Of Shri Guru Nanak Dev Ji
श्रीगुरू नानकदेवजी के 550वें प्रकाश पर्व पर गुरु प्रसाद के रूप में बांटे 8500 फलों के पौधे
श्रीगुरु नानकदेवजी के 550वें प्रकाश पर्व पर जिला प्रशासन ने रविवार को पंजाबी सभा और श्रीसुखमणी साहिब सेवा सोसायटी के सहयोग से 5500 फलों के पौधे गुरु नानकदेवजी के प्रसाद स्वरूप बांटे। मौका था जंक्शन में गुरमत समागम का जो अबोहर बाइपास पर सचखंड कॉन्वेंट स्कूल में। समागम में जिला प्रशासन के सहयोग से आम, जामुन, अमरूद, आंवला, लेसूआ, माल्टा और किन्नू के 550 का दस गुना 5500 पौधे गुरु के प्रसाद के रूप में वितरित किए और उनकी सार संभाल का जिम्मा भी दिया गया। समागम में सिख प्रचारकों ने कहा कि श्रीगुरु नानकदेव ने साढ़े पांच सौ साल पहले कहा था कि पवन को गुरु वाणी को पिता और धरती को मां के रूप में मानें। अगर हम वर्तमान समय में भी इन बातों को मानते हैं तो प्रदूषण की समस्या ही नहीं आएगी। सिख प्रचारकों ने गुरु नानक देव की बताई शिक्षा को मानने का आह्वान किया। लिहाजा, इन फलों के पौधों को गुरु का प्रसाद मानते हुए इन्हें अपने घर में लगाएं और बड़ा करें ताकि भविष्य में लगने वाले फल प्रसाद के रूप में मिलते रहें। कलेक्टर जाकिर हुसैन ने जिला प्रशासन की ओर से की गई पहल को लेकर बताया कि श्री गुरुनानक देवजी के 550 वें प्रकाश पर्व पर जिला प्रशासन ने नवाचार करते हुए श्रद्धालुओं को गुरु प्रसाद के रूप में फलों के पौधे बांटने का फैसला लिया गया ताकि पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जा सके। पंजाबी सभा के अध्यक्ष साधा सिंह खोसा ने बताया कि टार्गेट 5500 फलों के पौधे बांटने का था, लेकिन श्रद्धालुओं में फलों के पौधे लेने को लेकर उत्साह इतना जबर्दस्त था कि करीब 3 हजार पौधे और मंगवाए गए। कुल 8500 पौधों का वितरण किया गया।
खालसा आर्मी के सेवादारों ने की लंगर सेवा, पकौड़े बांटे
कार्यक्रम में खालसा आर्मी के सेवादारों ने लंगर की सेवा की। पकोड़ों का लंगर पंजाबी सभा ने खाने का लंगर श्रीसुखमणी साहिब सेवा सोसायटी और सचखंड स्कूल के सहयोग से लगाया गया। भाई लालो सेवा समिति ने पानी की सेवा की। समागम से पूर्व सुबह 9 बजे श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए और शहर की सुख समृद्धि व खुशहाली की कामना की गई। अरदास के बाद खुले दीवान सजाए गए। जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु संगतों ने मत्था टेककर मन्नतें मांगी। समागम में श्रीसुखमणी साहिब सेवा सोसायटी के जत्थों ने कथा कीर्तन कर संगतों को निहाल किया। बाद में भाई परमजीत सिंह खालसा व भाई जगमल सिंह खालसा ने गुरबाणी से संगतों को निहाल किया। भाई परमजीत सिंह खालसा ने संगतों को सदैव गुरु के दिखाए मार्ग पर चलने का आह्वान करते हुए उदाहरण के साथ बताया कि हम चाहे अपने बच्चों को कितनी भी शिक्षा ग्रहण करवा दे, जब तक उन्हें ईमानदारी के मार्ग पर चलना नही सिखाएंगे तब तक शिक्षा ग्रहण करने का कोई फायदा नही। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार से आई हुई आमदनी उस समय चाहे अच्छी लगे परंतु वह आमदनी हमारा व हमारे बच्चों का भविष्य अंधकारमय कर देगी।
कार्यक्रम में ये हुए शामिल: कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव और एडीजे विजयप्रकाश सोनी, नगरपरिषद सभापति गणेश राज बंसल, बलराज सिंह दानेवालिया, बाबूलाल जुनेजा, पंजाबी सभा के अध्यक्ष सादा सिंह खोसा, सर्व सिख समाज के अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह खिंडा, सचखंड स्कूल के मलकीत सिंह मान, खालसा कॉलेज के अंग्रेज सिंह, सुखा सिंह मेहताब सिंह गुरुद्वारे बलकार सिंह आदि मौजूद थे। चेयरमैन हरवीर सिंह सरां, गुरचरण सिंह चन्नी ने संगतों का धन्यवाद ज्ञापित किया। मंच संचालन निर्मल सिंह ने किया।
करतारपुर साहिब के लिए हनुमानगढ़ से भेजी गई थी 50 बसें, 2500 यात्रियों को करवाई थी निशुल्क यात्रा : पीआरओ सुरेश बिश्नोई ने बताया कि हाल ही में श्री गुरूनानक देवजी के 550वें प्रकाश पर्व पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निर्देश पर सिख बाहुल्य जिलों में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जिला मुख्यालय से करीब 50 निशुल्क बसों में ढाई हजार श्रद्धालुओं को करतारपुर साहिब के लिए निशुल्क धार्मिक यात्रा का आयोजन किया गया था। जयपुर में मुख्यमंत्री निवास पर भी सुखमणी पाठ और कीर्तन का आयोजन किया गया था।