- Hindi News
- National
- Ratanpura News Rajasthan News 8th And 10th Board Examinations Begin Examiners Told Question Paper Simplified
8वीं व 10वीं बोर्ड परीक्षाएं शुरू, परीक्षार्थियों ने बताया प्रश्न पत्र को सरल
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कक्षा 10 व 8वीं की परीक्षाएं गुरुवार को शुरू हुई। पहले दिन अंग्रेजी विषय का पेपर था। 10वीं की परीक्षा सुबह साढ़े 8 से 11.45 व 8वीं की दाेपहर 2 से 4.30 बजे तक हुई। केंद्र पर परीक्षा देने से पहले निजी स्कूलों में शिक्षकों ने विद्यार्थियों का मुंह मीठा करवाया, तो विद्यार्थियों ने गुरुजनों का आशीर्वाद लिया। सरकारी बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल के केंद्राधीक्षक प्रकाशचंद्र ने बताया कि पहले दिन विद्यार्थियों की उपस्थिति शत-प्रतिशत रही। परीक्षा के दौरान निगरानी के लिए फ्लाइंग दस्ते नियुक्त किए गए। परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी रखी गई। सरकारी श्रद्धानंद आर्य उच्च माध्यमिक स्कूल के केंद्राधीक्षक मित्रपाल सिंह ने बताया कि परीक्षा की गंभीरता को लेकर पूरी सावधानी बरती जा रही है। परीक्षा के दौरान वीक्षकों के मोबाइल इस्तेमाल पर रोक है। स्कूल के आसपास की फोटो काॅपी दुकानों को परीक्षा समय में बंद रखा गया। परीक्षार्थियों ने बताया कि पेपर आसान था। अधिकांश प्रश्न तैयारी के हिसाब से आए थे। इससे उन्हें पेपर में अच्छे अंक आने की उम्मीद है।
10वीं की परीक्षा में 8 बच्चे अनुपस्थित रहे : घमंडिया| निरवाना के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार काे 10वीं बाेर्ड की परीक्षा अंग्रेजी का पेपर के साथ शुरू हुई। पेपर करने के बाद विद्यार्थी काफी उत्साहित दिखे। विद्यार्थियों ने बताया कि अंग्रेजी का पेपर ज्यादा कठिन नहीं था। वहीं, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय निरवाना प्रधानाचार्य पवन कुमार ने बताया कि 10वीं बोर्ड के परीक्षा केंद्र पर 248 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिसमें से 241 बच्चे परीक्षा देने पहुंचे। क्षेत्र के घमंडिया, रामपुरान्यौला, रतनपुरा व निरवाना के विद्यार्थी परीक्षा देने पहुंचे।
इधर...एसडीएम ने निरीक्षण कर सुरक्षा के निर्देश दिए
श्रीकरणपुर| 10वीं बोर्ड परीक्षाएं शुरू होने पर परीक्षा सेंटर पर एसडीएम मूलचंद लूणिया ने गुरुवार काे सीनियर सेकेण्डरी स्कूल के परीक्षा केन्द्र पर जाकर परीक्षा पेपरों की सुरक्षा तथा केन्द्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक निर्देश दिए। एसडीएम ने केन्द्र अधीक्षक प्रधानाचार्या रेणू चौहान काे सावधानी रखने की बात कही। परीक्षार्थियाें ने बताया कि पहला अंग्रेजी का पेपर आसान ही था।