- Hindi News
- National
- Nohar News Rajasthan News A Conspiracy In Ramgarh Against Arbitrary Loot In Electricity Bills
बिजली बिलों में हो रही मनमानी लूट के खिलाफ रामगढ़ में चक्काजाम
परलीका|निकटवर्ती गांव रामगढ़ में बिजली उपभोक्ता संघर्ष समिति की अगुवाई में पिछले 6 महीने से जारी आंदोलन ने गुरुवार को अचानक नया मोड़ ले लिया। रामगढ़ में तहसील कार्यालय के घेराव के दौरान लम्बे समय से कोई सुनवाई न होने के कारण लोगों ने मेगा हाइवे जाम कर दिया। हजारों की संख्या में आंदोलनकारियों ने पूरे दिन रास्ता जाम करके रखा। शाम होते-होते प्रशासन नरम पड़ गया और एसडीएम नोहर के नेतृत्व में बातचीत हुई, जिसमें सिक्युरिटी राशि की पर्ची समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। इसमें बिजली विभाग ने सिक्योरिटी राशि की पर्ची को निलंबित कर दिया व प्रशासन ने कहा कि किसी का भी बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। साथ ही स्थाई शुल्क और प्रत्येक परिवार को 200 यूनिट बिजली मुफ्त मिले व अन्य मुद्दों पर जिला कलेक्टर व अधीक्षण अभियंता हनुमानगढ़ के साथ मीटिंग तय करने का आश्वासन दिया। तब तक बिजली उपभोक्ता संघर्ष समिति अपने आंदोलन को हनुमानगढ़ जिले तथा आसपास के अन्य जिलों में भी मजबूत करेगी। संघर्ष समिति ने ज्यादा से ज्यादा आमजन को इस आंदोलन में जुड़ने की अपील की है। संघर्ष समिति सदस्याें ने बताया कि जब तक जिला कलेक्टर के साथ बातचीत नहीं हो जाती व हमारी मांगे नहीं मानी जाती, तब तक हम बिजली के बिल नहीं भरेंगे। देर शाम वार्ता के बाद चक्काजाम खोला गया। वार्ता में उपखंड अधिकारी नोहर श्वेता कोचर, नायब तहसीलदार मोतीराम, विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता रिछपाल सिंह, पुलिस उप अधीक्षक राजीव, रामगढ़ सरपंच अजब सिंह, गोगामेड़ी थाना प्रभारी सुरेश मील के साथ ग्रामीणों की ओर से शैलेंद्र, हनुमान शर्मा, ओमप्रकाश, महबूब आदि शामिल हुए।