- Hindi News
- National
- Bhadra News Rajasthan News Changes In The Click Scheme Now Students Of Class 5 In Government Schools Will Also Be Able To Take Computer Education
क्लिक योजना में हुआ बदलाव, अब सरकारी स्कूलों में कक्षा 5 के विद्यार्थी भी कंप्यूटर शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे
पहले कक्षा 6 से 10वीं तक के विद्यार्थी लेते थे प्रशिक्षण
योजना के तहत पहले 200 विद्यार्थियों के लिए कक्षा 6 से 10 तक का प्रावधान था वहीं अब इसमें 200 की संख्या को पूरा करने के लिए कक्षा 5 को भी जोड़ा जा सकता है। योजना के अंतर्गत सत्र 2018-19, 2019-20 के बकाया भुगतान के साथ आगामी भुगतान एमओयू किए गए आरकेसीएल के अधिकृत आईटी ज्ञान केंद्र को ही किया जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों से एकत्रित की गई फीस का चेक के जरिए फर्म को भुगतान करना होगा। विद्यार्थी हित में क्लिक योजना की क्रियान्विति के लिए एमओयू में अंकित शर्तों की पालना के लिए दोनों पक्ष पाबंद रहेंगे। साथ ही किसी भी स्थिति में दोनों पक्षों की सहमति और राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद की लिखित अनुमति के बिना एमओयू निरस्त नहीं हो सकेगा। इसके तहत एक अनुबंध विद्यालय एसडीएमसी व संबधित आईटी फर्म के मध्य होगा।
कंप्यूटर शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अच्छी पहल: ढाका
राजकीय विद्यालयों को कंप्यूटर शिक्षा देने के लिए अच्छी पहल है। अब इसमें कक्षा 5वीं के बच्चों को भी शामिल कर लिया गया है। इससे निश्चित तौर पर कंप्यूटर शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को लाभ मिलेगा।
हरलाल ढाका, कार्यक्रम अधिकारी, आईसीटी।
हनुमानगढ़| अब सरकारी स्कूलों में अध्ययन कर रहे कक्षा 5वीं के बच्चे भी कंप्यूटर शिक्षा हासिल कर सकेंगे। बच्चों को कम्प्यूटर के सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक ज्ञान को मजबूत करने के लिए सरकारी स्कूलों में राजस्थान नॉलेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आरकेसीएल) और विद्यालय की एसडीएमसी के साथ अनुबंध करके लागू की गई स्व-वितपोषित क्लिक योजना में सरकार ने अब बड़े बदलाव किए हैं। विभाग के अनुसार सरकार का यह उद्देश्य है कि योजना के संचालन में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों को दूर कर इस योजना के जरिए बच्चों को लाभान्वित किया जाए। इस संबंध में प्रदेश के सभी मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला परियोजना समन्वयक, समग्र शिक्षा अभियान को पूर्व तैयारियों, मॉनीटरिंग एवं सहयोग को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। विदित रहे कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए कंप्यूटर विषय का शिक्षण कार्य स्कूल स्तर पर करवाए जाने के लिए इस योजना को सत्र 2017-18 में शुरू किया गया था। योजना में कक्षा 6 से 10 तक के न्यूनतम 200 विद्यार्थियों को लाभान्वित करना है। इसकी फीस 90 रुपए निर्धारित हैं। इसी तरह कक्षा 9 से 12 तक 110 रुपए फीस निर्धारित की गई है। स्कूलों को आरकेसीएल के साथ एमओयू करके कक्षा 6 से 8 तक के लिए 50 घंटे एवं कक्षा 9 व 10 के लिए 72 घंटे का सत्र भर प्रशिक्षण करवाने का प्रावधान है। योजना के अंतर्गत कंप्यूटर की पढ़ाई करने के लिए बच्चों को स्वयं एसडीएमसी के जरिए प्रशिक्षण देने वाली संस्था को भुगतान करना होता है।