- Hindi News
- National
- Rawatsar News Rajasthan News Congress Workers Did Not Show Affection At Holi Sneh Milan Ceremony Many Leaders Did Not Come
होली स्नेह मिलन समारोह में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का नहीं दिखा स्नेह, कई नेता नहीं आए
कस्बे में शुक्रवार को हुए होली स्नेह मिलन समारोह में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकजुटता फीकी नजर आई। दरअसल, पूर्व सांसद भरतराम ने अग्रवाल धर्मशाला में होली स्नेह मिलन समारोह रखा। इसमें नवनिर्वाचित सरपंचों का सम्मान किया गया। इस कार्यक्रम हास्य कलाकार ख्याली सहारण भी पहुंचे। खास बात ये रही कि इस कार्यक्रम में कांग्रेसी कार्यकर्ता नजर नहीं आए। कार्यक्रम में कांग्रेस नेता विनोद गोठवाल, पूर्व विधायक आदराम मेघवाल, पंचायत समिति प्रधान सीमा अमीलाल मेघवाल, देवीलाल मटोरिया सहित काफी कांग्रेसी नजर नहीं आए। ऐसे में चर्चा ये रही कि कांग्रेस दो धड़ों में बंट चुकी है। वहीं खास बात ये है कि विनोद गोठवाल व भरतराम मेघवाल ने रावतसर में ही पार्टी के अलग-अलग कार्यालय खोलकर कार्यकर्ताओं के लिए परेशानी खड़ी कर दी है। कुछ दिन पहले जहां विनोद गोठवाल ने तहसील के पास अपना कार्यालय खोला व हर सोमवार रावतसर में आकर जनसुनवाई करनी शुरू की वहीं 9 मार्च को पीलीबंगा में होली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया। इससे क्षेत्र के लोकसभा प्रत्याशी रहे भरतराम मेघवाल व उनके समर्थन कहीं दिखाई नहीं दिए। वहीं शुक्रवार को भरतराम मेघवाल ने रावतसर में अपना कार्यालय खोला है। ऐसे में एक ही क्षेत्र में कांग्रेस के दो कार्यालय चर्चा का विषय बने हुए हैं।
मैने सभी को बुलाया है। कोई भेदभाव नहीं किया। कोई नहीं आया तो मैं क्या करूं। दो दिन पूर्व विनोद गोठवाल के कार्यक्रम में मैं नहीं गया। उस समय तो आपने नहीं पूछा। कोई आए या ना आए मैं क्या करूं।
भरतराम मेघवाल, पूर्व सांसद, श्रीगंगानगर
सबको बुलाया था, कोई नहीं आया तो मैं क्या करूं: मेघवाल
ये हुआ कार्यक्रम: ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यालय का उद्घाटन व नवनिर्वाचित सरपंच अभिनंदन समारोह और होली स्नेह मिलन कार्यक्रम अग्रवाल धर्मशाला में हुआ। इसमें हास्य कलाकार ख्याली सहारण ने सभी जनप्रतिनिधियों व मौजूद लोगों को हंसी से लोटपोट कर दिया। उन्होंने सभी सरपंचों के साथ मंच पर हास्य कला के साथ राजस्थानी गानों पर नृत्य किया। इस अवसर पर सह भोज का भी आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि पूर्व सांसद भरतराम मेघवाल व पूर्व विधायक गंगाजल मील रहे। कार्यक्रम के अंत में रावतसर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रामस्वरूप शर्मा ने सभी निर्वाचित सरपंचों अतिथियों का आभार व्यक्त किया।