- Hindi News
- National
- Hanumangarh News Rajasthan News Do Not Be Afraid Of Corona Play Holi With Dry Colors And Flowers For Protection Auspicious Time Of Combustion From 5 To 7 Pm
कोरोना से डरें नहीं, बचाव के लिए सूखे रंगों और फूलों से खेलें होली, शाम 5 से 7 बजे तक दहन का शुभ मुहूर्त
उल्लास और रंगों के त्योहार होली पर्व होली पर्व को लेकर बाजार पूरी तरह से सज गए हैं। लोगों में भी होली के त्योहार का क्रेज है। लोगों पर होली का रंग अभी से चढ़ने लगा है। बाजारों में दुकानों पर जगह-जगह होली के रंग तथा पिचकारियां टंगी हुई नजर आ रही है। पिचकारियां खरीदने के लिए बच्चों में ज्यादा क्रेज है। इस बार बाजार में कई प्रकार की पिचकारियां आई हुई हैं। खास बात यह है कि इस बार कोरोना वायरस के चलते चीनी रंग आदि दुकानों पर नहीं है। वहीं बाजार में कई नए-नए डिजाइनों, नए कलेवर की पिचकारियां मौजूद हैं। दुकानदारों को उम्मीद है कि इस बार यह त्योहार अच्छा जाएगा। वहीं जिले में सोमवार को होली मनाई जाएगी। जिसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई हैं।
दुकानदार बोले- पिचकारी व गुलाल की बढ़ी डिमांड: दुकानदार राकेश कुमार सोनी व पारस अरोड़ा ने बताया कि इस बार रगों में गुलाल और पिचकारियों की डिमांड काफी बढ़ी है। बच्चें विभिन्न प्रकार की पिचकारियां खरीद रहें है। वहीं गुलाल की डिमांड काफी बढ़ी है। इस बार पक्के रंग की डिमांड बिल्कुल भी नहीं है। होली पर्व को लेकर रविवार के दिन भी बाजार में काफी चहल-पहल रही है। जंक्शन और टाउन में रंगों की दुकानें सज गई है।
होलिका दहन का शुभ मुहूर्त
पंडित रतनलाल शास्त्री ने बताया कि होलिका दहन का शुभ मुहूर्त गो-धूली लग्न के बाद शाम सवा 5 बजे से साढ़े 7 बजे तक रहेगा। इसके बाद रात्रि 9 बजे से 10 बजकर 7 मिनट तक शुभ मुहूर्त है। उन्होंने बताया कि सोमवार को दोपहर 1 बजकर 12 मिनट से पहले भद्रा लग्न रहेगा। इस लग्न में होली की पूजा नहीं हो सकती है। शास्त्री ने बताया कि भद्रा लग्न के बाद ही होली की पूजा शुभ रहेगी।
जोश में होश नहीं खोए: क्योंकि हुड़दंग किया तो हवालात में मन सकती है होली, शराब पीकर गाड़ी चलाना भी पड़ेगा महंगा
रंगों के त्यौहार पर जोश में होश बनाए रखें। अगर सड़क पर हुड़दंग किया तो हवालात की हवा खानी पड़ सकती है। होली पर पुलिस फोर्स मुस्तैदी से रहेगा। शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर भी पुलिस कार्रवाई करेगी। इसको लेकर पुलिस ने इंतजाम किए हैं। एसपी राशि डोगरा डूडी ने बताया कि आमजन पारंपरिक तरीके से शांति से त्यौहार मनाएं इसको लेकर सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं। होलिका दहन और होली के दिन सभी इलाकों में पुलिस कर्मी मुस्तैद रहेंगे। इसके लिए थानाप्रभारियों को निर्देशित करने के साथ पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है। सड़क पर हुड़दंग करने वालों को हवालात में पहुंचाया जाएगा। त्योहार होने के बाद ही उन्हें छोड़ा जाएगा। एसपी ने लोगों से अपील की है कि वह शांति से इस त्यौहार को मनाएं। किसी भी तरह की अराजकता फैलाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस इंतजाम: अधिक आबादी वाले इलाकों में पुलिस रहेगी मुस्तैद
होली को त्योहार प्यार, प्रेम व आपसी भाईचारे का त्योहार है। हर व्यक्ति एक दूसरे को रंग गुलाल लगा कर हंसी खुशी से इस पावन पर्व को मनाता है। केमिकल युक्त रंग शरीर की त्वचा के लिए घातक भी सिद्ध हो सकते हैं। इस प्रकार के रंगों का उपयोग नहीं करना चाहिए। साथ ही बच्चों को भी केमिकल युक्त रंगों से सावधान रखें। तिलक होली मनाएं।
घातक रसायन वाले रंगों से त्वचा और आंखों को नुकसान सूखे रंगों का करें इस्तेमाल
चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित गोयल का कहना है कि होली रंगों का त्योहार है। इस दिन लोग प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल करते थे, लेकिन आजकल बनावटी रंगों का प्रयोग अधिक होने लगा है। इन रंगों में घातक रसायन मिले होते हैं जो शरीर की त्वचा व आखों को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं। इन रंगों से खुजली, आखों में जलन, शरीर पर लाल रंगे के दाने पड़ना व कई बार तो ये रंग इतने घातक होते हैं कि इनके प्रयोग से शरीर पर फफोले तक पड़ जाते हैं। फफोले होने पर तो शरीर पर रंग-बिरंगे निशान तक हो जाते हैं। इनसे बचने के लिए होली खेलने से पहले शरीर पर तेल मल ले। जहां तक हो सके हर्बल रंगों का प्रयोग करें। अच्छे किस्म के रंगों का इस्तेमाल ही करना चाहिए। बाजार में कई प्रकार के केमिकल युक्त रंग भी आए हुए हैं जो त्वचा के लिए हानिकारक हो सकते है। उनके इस्तेमाल से बचना चाहिए। हो सके तो सूखे रगों का ही इस्तेमाल करें और पानी वाले रगों के इस्तेमाल से बचें।
बाय इन्विटेशन
एक्सपर्ट: कोरोना से घबराएं नहीं लेकिन एहतियात रखें, तिलक व फूलों की होली खेलें
जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. बृजेश गौड़ का कहना है कि कोरोना वायरस से घबराए नहीं लेकिन बचाव के लिए एहतियात जरूर रखें। जिले में दो रोगियों के सेंपल लेकर कोरोना जांच के लिए भिजवाए गए जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। तिलक व फूलों की होली खेलें। सूखी होली व फूलों की खेलें। होली पर्व मस्ती, उमंग व उल्लास का त्यौहार है लेकिन इस वर्ष कोरोना वायरस के कारण फैली कुछ भ्रांतियों ने सभी को भ्रमित कर रखा है। इससे बचाव के लिए बीमार व्यक्ति के साथ रंग न तो खेलें और न ही खेलने दें। गीले रंगों का इस्तेमाल नहीं करें और भीड़भाड वाले स्थान पर जाने से परहेज करें। प्रत्येक व्यक्ति गले मिलने की बजाए अभिवादन नमस्ते से ही करें और सावधानी के लिए मास्क पहनकर होली खेलें। इस तरह से होली का पर्व स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मनाएं।